विधायक आनंद मिश्र की पहल से रघुनाथपुर एलाइनमेंट को मिली रफ्तार, बलिया–आरा रेल परियोजना में जगी नई उम्मीद ..

विधायक आनंद मिश्र की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके स्तर से भेजे गए विस्तृत और तकनीकी रूप से मजबूत प्रस्ताव ने इस मुद्दे को नीति स्तर पर गंभीरता से उठाने में मदद की है. 






                               



- रेल मंत्री ने प्रस्ताव पर दी सकारात्मक प्रतिक्रिया, जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई के संकेत
- रघुनाथपुर मार्ग को तकनीकी और आर्थिक रूप से अधिक व्यावहारिक बताया जा रहा है

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : पूर्व से प्रस्तावित बलिया–आरा नई रेल लाइन के एलाइनमेंट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. रघुनाथपुर स्टेशन को जोड़ने के विकल्प को लेकर अब परियोजना ने नई दिशा पकड़ ली है. इस पूरे मामले में विधायक आनंद मिश्र की सक्रिय पहल और विस्तृत प्रस्ताव को केंद्रीय रेल मंत्रालय से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जिससे क्षेत्र में विकास की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं.

विधायक आनंद मिश्र द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए प्रस्ताव में बक्सर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन और वाशिंग कॉम्प्लेक्स की स्थापना, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और नई ट्रेनों के संचालन जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं. इसी प्रस्ताव में बलिया–आरा रेल लाइन को जगजीवन हॉल्ट के बजाय रघुनाथपुर स्टेशन से जोड़ने का सुझाव भी रखा गया था.

रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा है कि पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. मंत्रालय की इस प्रतिक्रिया के बाद क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल है.

इस पूरे अभियान में विधायक आनंद मिश्र की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके स्तर से भेजे गए विस्तृत और तकनीकी रूप से मजबूत प्रस्ताव ने इस मुद्दे को नीति स्तर पर गंभीरता से उठाने में मदद की है. उनके प्रयासों के कारण ही यह विषय अब रेल मंत्रालय के सक्रिय विचाराधीन आया है. 

स्थानीय स्तर पर लंबे समय से रघुनाथपुर–बलिया–आरा एलाइनमेंट की मांग उठती रही है. सामाजिक कार्यकर्ता और रेल यात्री संगठनों का मानना है कि यह मार्ग अधिक व्यावहारिक और जनहितकारी है. रेल यात्री कल्याण समिति, दानापुर मंडल के महामंत्री शैलेश कुमार ओझा ने भी इस दिशा में लगातार प्रयास किए हैं और विभिन्न स्तरों पर सुझाव भेजे हैं.

तकनीकी दृष्टि से भी रघुनाथपुर एलाइनमेंट को बेहतर विकल्प माना जा रहा है. वर्तमान प्रस्तावित मार्ग के कई हिस्से बाढ़ और दलदली क्षेत्रों से गुजरते हैं, जिससे निर्माण लागत और समय दोनों बढ़ सकते हैं. जबकि रघुनाथपुर मार्ग अपेक्षाकृत स्थिर भू-भाग और कम दूरी वाला विकल्प है. अनुमान है कि इस बदलाव से परियोजना की लंबाई लगभग 61 किलोमीटर से घटकर करीब 35 किलोमीटर रह सकती है. इससे भूमि अधिग्रहण और निर्माण लागत में भी बड़ी बचत संभव है.

रघुनाथपुर स्टेशन पहले से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, जिससे यहां अतिरिक्त ढांचे पर कम निवेश की आवश्यकता होगी. साथ ही जेके सीमेंट प्लांट और नवानगर कोका-कोला प्लांट जैसे औद्योगिक संस्थान इस क्षेत्र की रेल उपयोगिता को और बढ़ाएंगे.

धार्मिक दृष्टि से भी यह प्रस्ताव महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि रघुनाथपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर और बलिया के बाबा भृगुनाथ धाम के बीच सीधा रेल संपर्क श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकता है.

रेल मंत्रालय की सकारात्मक प्रतिक्रिया और विधायक आनंद मिश्र की पहल ने इस परियोजना को नई उम्मीद दी है, जिससे बक्सर, भोजपुर और बलिया क्षेत्र के विकास को आने वाले समय में नई रफ्तार मिलने की संभावना है.











Post a Comment

0 Comments