मांग पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने 20 जनवरी 2026 को केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पत्र भेजकर बक्सर के पंचकोशी परिक्रमा स्थलों और भगवान वामन मंदिर को प्रसाद योजना में शामिल कराने हेतु उचित कार्रवाई का अनुरोध किया.
![]() |
| केंद्रीय मंत्री से मिलते विजय मिश्र |
- प्रसाद योजना में शामिल कराने को लेकर केंद्र स्तर पर बढ़ी सक्रियता
- विजय मिश्र ने केंद्रीय मंत्री को लिखा था पत्र, की थी मांग
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : पौराणिक, धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से समृद्ध बक्सर जिले को पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ता दिख रहा है. भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मिश्र की पहल पर भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है. पंचकोशी परिक्रमा स्थलों और भगवान वामन मंदिर को पर्यटन विभाग की अति महत्वपूर्ण ‘प्रसाद योजना’ में शामिल कराने को लेकर केंद्रीय मंत्री ने संबंधित स्तर पर पत्राचार किया है, जिससे बक्सर में व्यापक पर्यटन विकास की उम्मीद जगी है.
बताया जाता है कि विजय कुमार मिश्र ने पहले केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया को पत्र लिखकर बक्सर की पौराणिक महत्ता और पर्यटन संभावनाओं की विस्तार से जानकारी दी थी. पत्र में उल्लेख किया गया था कि बक्सर भगवान वामन की अवतार भूमि, महर्षि विश्वामित्र की तपोस्थली, प्रभु श्रीराम की शिक्षा स्थली, माता अहिल्या के उद्धार स्थल और हनुमान जी के ननिहाल के रूप में विख्यात है. साथ ही यह भूमि सतयुग से लेकर कलयुग तक सिद्धाश्रम, वामनाश्रम, वेदगर्भापुरी और व्याघ्रसर जैसे नामों से जानी जाती रही है.
वाराणसी तथा अयोध्या के निकट होने के बाद भी नहीं मिला पर्यटन विकास का समुचित लाभ
विजय कुमार मिश्र ने यह भी बताया था कि बक्सर में प्रतिवर्ष ऐतिहासिक पंचकोशी परिक्रमा और विशाल मेला आयोजित होता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं. बावजूद इसके, वाराणसी और अयोध्या जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों के निकट होने के बाद भी बक्सर को अब तक पर्यटन विकास का समुचित लाभ नहीं मिल सका है. यदि भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर का निर्माण प्रसाद योजना के तहत किया जाता है, तो इससे धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे.
विजय मिश्र की मांग पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पर्यटन मंत्री को लिखा पत्र
इस मांग पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने 20 जनवरी 2026 को केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पत्र भेजकर बक्सर के पंचकोशी परिक्रमा स्थलों और भगवान वामन मंदिर को प्रसाद योजना में शामिल कराने हेतु उचित कार्रवाई का अनुरोध किया. साथ ही की गई कार्रवाई से संबंधित पक्षों को अवगत कराने की बात भी कही गई है.
केंद्र स्तर पर शुरू हुई इस पहल के बाद बक्सर के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह है. लोगों को उम्मीद है कि भगवान वामन पंचकोशी कॉरिडोर के निर्माण से बक्सर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा.
विजय कुमार मिश्र ने बक्सर में आयोजित कराया था ऐतिहासिक कार्यक्रम
इसके साथ ही आपको बता दें कि विजय कुमार मिश्र लगातार सनातन धर्म के उत्थान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं. पिछले ही वर्ष उनकी पहल पर बक्सर में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का भव्य आयोजन कराया गया था. इस आयोजन में देश के जाने-माने कथावाचक आचार्य देवकीनंदन ठाकुर ने अपने श्रीमुख से कथा का रसपान कराकर हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर किया था.
कई बड़ी हस्तियों ने की थी विजय मिश्र की पहल की सराहना, दिया था बक्सर विकास का आश्वासन
श्रीमद् भागवत कथा में शामिल होने के लिए कई केंद्रीय मंत्री सहित बड़ी-बड़ी राजनीतिक हस्तियां बक्सर पहुंची थीं. कथा मंच से सभी अतिथियों ने विजय कुमार मिश्र की इस पहल की सराहना करते हुए कहा था कि बक्सर जैसी धर्म और आध्यात्मिक नगरी के सर्वांगीण विकास के लिए वे हर संभव सहयोग करेंगे. उस अवसर पर यह भी कहा गया था कि बक्सर को राष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि इसकी पौराणिक पहचान को नई ऊंचाई मिल सके.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments