डुमरांव के लकी ने जेईई मेंस में 99.634 पर्सेंटाइल लाकर बढ़ाया जिले का गौरव ..

खास बात यह रही कि गणित विषय में उन्होंने 100 में 100 अंक हासिल कर सभी को चौंका दिया था. उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय ने उन्हें दो बार सम्मानित किया और अकादमिक अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया.






                                         


  • बोर्ड परीक्षा में गणित में 100 में 100 अंक, विद्यालय ने दो बार किया सम्मानित
  • आईआईटी से कंप्यूटर साइंस कर कॉर्पोरेट सेक्टर में बड़ा मुकाम बनाने का लक्ष्य

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पुराना भोजपुर के 17 वर्षीय होनहार छात्र लकी राज ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेंस में 99.634 पर्सेंटाइल हासिल कर जिले का मान बढ़ा दिया है. कम उम्र में मिली इस बड़ी सफलता से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. परिवार, शिक्षक और ग्रामीण उनकी उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं.

लकी राज, राकेश कुमार केशरी और वंदना देवी के पुत्र हैं. राकेश कुमार केशरी डीलरशिप व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि वंदना देवी गृहिणी हैं. लकी की प्रारंभिक शिक्षा डुमरांव से ही हुई. उन्होंने दसवीं की पढ़ाई कैम्ब्रिज स्कूल, डुमरांव से पूरी की, जहां वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे. वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 95.24 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे. खास बात यह रही कि गणित विषय में उन्होंने 100 में 100 अंक हासिल कर सभी को चौंका दिया था. उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय ने उन्हें दो बार सम्मानित किया और अकादमिक अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया.

दसवीं के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की गंभीर तैयारी के लिए कोटा का रुख किया. वहां रहकर उन्होंने जेईई मेंस की तैयारी को नई दिशा दी. वर्तमान में वे बारहवीं की पढ़ाई भी कैम्ब्रिज स्कूल, डुमरांव से कर रहे हैं. उनकी सफलता के पीछे निरंतर मेहनत, अनुशासन और परिवार का सहयोग अहम रहा है. बड़े पिताजी बीरेंद्र प्रसाद केशरी और दादा भोला केशरी ने भी उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है.

लकी का सपना आईआईटी से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर कॉर्पोरेट सेक्टर में बड़े स्तर पर कार्य करने का है. उनका मानना है कि तकनीकी क्षेत्र में नवाचार के माध्यम से भी देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है. उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े सपनों को साकार कर सकते हैं.








Post a Comment

0 Comments