बनारस लिट फेस्ट में बक्सर के युवा लेखक रोहित दुबे की पुस्तक का भव्य लोकार्पण ..

पुस्तक में जीवन की सीख, आत्मचिंतन और आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन के भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं, जो पाठकों को गहराई से सोचने पर मजबूर करते हैं.

 






                                         



  • प्रतिष्ठित मंच पर ‘Letter To My Son’ को मिली साहित्यकारों की सराहना
  • पिता–पुत्र के रिश्ते और जीवन मूल्यों पर आधारित पुस्तक बनी चर्चा का केंद्र

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : वाराणसी स्थित होटल ताज गंगेज़ में आयोजित प्रतिष्ठित बनारस लिट फेस्ट के अवसर पर 31 जनवरी को साहित्य जगत में एक यादगार क्षण देखने को मिला, जब बक्सर के युवा लेखक रोहित दुबे की पुस्तक ‘Letter To My Son’ का विधिवत लोकार्पण एवं पुस्तक चर्चा का आयोजन किया गया. यह अवसर न केवल साहित्यप्रेमियों के लिए खास रहा, बल्कि बक्सर जिले के लिए भी गौरव का क्षण साबित हुआ.

चरित्रवन स्थित श्रीकृष्ण नगर कॉलोनी निवासी स्वर्गीय डॉ. बैजनाथ दुबे के पुत्र रोहित दुबे ने अपनी इस पुस्तक के माध्यम से पिता–पुत्र के भावनात्मक संबंधों, जीवन के मूल्यों और अनुभवों को अत्यंत संवेदनशील एवं आत्मीय शैली में प्रस्तुत किया है. पुस्तक में जीवन की सीख, आत्मचिंतन और आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन के भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं, जो पाठकों को गहराई से सोचने पर मजबूर करते हैं.

लोकार्पण समारोह के दौरान उपस्थित साहित्यकारों और पाठकों ने पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए इसे आज के समय में बेहद प्रासंगिक बताया. पुस्तक चर्चा के दौरान रोहित दुबे ने अपने लेखन की प्रेरणा, पुस्तक लिखने के उद्देश्य और अपनी साहित्यिक यात्रा के अनुभव साझा किए. उनके विचारों को श्रोताओं ने गंभीरता और उत्साह के साथ सुना.

बनारस लिट फेस्ट जैसे प्रतिष्ठित मंच पर बक्सर के युवा लेखक की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है. साहित्यप्रेमियों ने रोहित दुबे को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी साहित्य जगत को इसी तरह सार्थक और भावपूर्ण रचनाएं प्रदान करते रहेंगे.









Post a Comment

0 Comments