पुलिस की सख्ती, कट्टे के साथ बाइक सवार धराए ..

पुलिस का मानना है कि युवाओं में हथियार रखना अब फैशन और रौब दिखाने का जरिया बनता जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है. इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं. 







                                         



  • जांच देखकर भागे, दौड़कर दबोचे गए दोनों युवक
  • फैशन और रौब के चक्कर में हथियार रखने का बढ़ता चलन बना चिंता

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी ने एक बार फिर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. रोहनीभान गांव के समीप वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो युवकों को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया. दोनों युवक पुलिस को देखकर बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया. पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि दो युवक हथियार लेकर क्षेत्र में आ रहे हैं. सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने रोहनीभान गांव के बाहर जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार सामने आए. पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबरा गए और भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके. तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देसी कट्टा और बाइक बरामद की गई.

गिरफ्तार युवकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी अनिल राय के पुत्र सत्यम राय और नित्यानंद शर्मा के पुत्र राजाबाबू शर्मा के रूप में हुई. पूछताछ में युवकों ने स्वीकार किया कि हथियार उन्होंने लोगों को डराने-धमकाने और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में लहराकर अपनी धाक जमाने के लिए रखा था.

पुलिस का मानना है कि युवाओं में हथियार रखना अब फैशन और रौब दिखाने का जरिया बनता जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है. इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं. 26 दिसंबर को केसठ बाजार में एक युवक को अपने ही हथियार से गोली लग गई थी. वहीं, अक्टूबर में महदह गांव और अगस्त में डुमरांव के तिवारी टोला में भी अवैध हथियारों के मामले पकड़े गए थे.

गिरफ्तारी अभियान में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, डीआईयू के चंदन कुमार, सुभाष कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे. पुलिस ने साफ किया है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.








Post a Comment

0 Comments