पार्षदों ने ध्वनि मत से बजट को मंजूरी दी. बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया और बताया कि यह बजट शहर के विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने पर केंद्रित है.
• नगर परिषद की बैठक में ध्वनि मत से वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित
• गरीबों के आवास, सफाई व्यवस्था और विकास योजनाओं पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव नगर परिषद ने शहर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का 1 अरब 28 करोड़ 41 लाख 9 हजार 959 रुपये का बजट पारित कर दिया है. नगर परिषद सभागार में आयोजित बैठक में सभापति सह उपसभापति विकास ठाकुर की अध्यक्षता में पार्षदों ने ध्वनि मत से बजट को मंजूरी दी. बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया और बताया कि यह बजट शहर के विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने पर केंद्रित है.
बजट के अनुसार नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत में नगर परिषद के पास 40 करोड़ 54 लाख 40 हजार 833 रुपये की शेष राशि उपलब्ध रहेगी. वहीं आंतरिक राजस्व और केंद्र व राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदानों को मिलाकर कुल अनुमानित आय 1 अरब 24 करोड़ 32 लाख 88 हजार 855 रुपये रहने का अनुमान है. परिषद ने कुल व्यय 1 अरब 28 करोड़ 41 लाख 9 हजार 959 रुपये प्रस्तावित किया है. वित्तीय वर्ष के अंत में परिषद के पास करीब 36 करोड़ 46 लाख 19 हजार 779 रुपये शेष रहने का अनुमान है.
बजट में गरीब कल्याण को दी गई है प्राथमिकता
नगर परिषद ने इस बजट में शहरी गरीबों के कल्याण को भी प्राथमिकता दी है. परिषद ने अपने कुल संसाधनों का लगभग 25.36 प्रतिशत यानी करीब 41 करोड़ 81 लाख रुपये गरीबों के लिए आवास, स्वच्छता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए निर्धारित किए हैं. इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
नए वित्तीय वर्ष में एक करोड़ 90 लाख रुपये के राजस्व का लक्ष्य
राजस्व बढ़ाने के लिए परिषद संपत्ति कर, प्रोफेशनल टैक्स, स्टांप शुल्क, परिषद की संपत्तियों से मिलने वाले किराये और विभिन्न शुल्क व यूजर चार्ज पर विशेष ध्यान देगी. नए वित्तीय वर्ष के लिए लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये का राजस्व लक्ष्य तय किया गया है. वहीं लैंडफिल साइट के लिए 3 करोड़ 75 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है.
वेतन-पेंशन से लेकर नागरिक सुविधाओं का भी ध्यान
सफाई और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है. नगर परिषद कर्मचारियों के वेतन, भत्ता और पेंशन के लिए करीब 6 करोड़ 44 लाख रुपये रखे गए हैं. प्रशासनिक खर्चों के लिए लगभग 2 करोड़ 39 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, बिजली, ईंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं के संचालन व रखरखाव पर करीब 24 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.
सार्वजनिक शौचायलयों के विकास के साथ ही स्ट्रीट लाइटों का भी होगा विस्तार
शहर के विकास कार्यों के लिए पूंजीगत व्यय के तहत लगभग 69 करोड़ 34 लाख रुपये खर्च करने की योजना बनाई गई है. इससे सड़क और नाला निर्माण, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, पार्क और पार्किंग निर्माण, बस स्टैंड तथा सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा. साथ ही सार्वजनिक शौचालयों का विकास, जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार और स्ट्रीट लाइट का विस्तार भी किया जाएगा.
कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे ने कहा कि यह बजट शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इससे डुमरांव को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने में मदद मिलेगी.




.png)


.png)










0 Comments