बक्सर में गैस को लेकर हड़बड़ी बेकार, 69 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण के बाद भी पर्याप्त स्टॉक ..

कुल 27 गैस एजेंसियां सक्रिय हैं और सभी के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के जरिए घर बैठे गैस प्राप्त कर सकते हैं.





                               


  • प्रशासन का दावा—कहीं कमी नहीं, ऑनलाइन बुकिंग से घर बैठे मिलेगी सुविधा
  • कालाबाजारी पर सख्ती, 415 शिकायतों में 373 का त्वरित निपटारा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर बन रही आशंकाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की हड़बड़ी या भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है. 13 मार्च से 26 मार्च 2026 तक कुल 69,625 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 26 मार्च तक 2,706 सिलेंडर का स्टॉक अभी भी एजेंसियों के पास मौजूद है.

जिला जन संपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अंतर्गत कुल 27 गैस एजेंसियां सक्रिय हैं और सभी के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के जरिए घर बैठे गैस प्राप्त कर सकते हैं, जिससे एजेंसियों पर भीड़ कम होगी और व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी.

इंडेन, एचपी और भारत गैस उपभोक्ताओं के लिए व्हाट्सएप, मिस्ड कॉल और आईवीआरएस के माध्यम से बुकिंग की सुविधा दी गई है. इसके अलावा गैस वितरण को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति है.

प्रशासन ने यह भी बताया कि गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी पर लगातार नजर रखी जा रही है. वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और आपूर्ति विभाग के अधिकारी लगातार एजेंसियों और प्रतिष्ठानों की जांच कर रहे हैं. गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है.

जिला नियंत्रण कक्ष, जो 24 घंटे सक्रिय है, में अब तक 415 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें से 373 का त्वरित निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है. प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी समस्या की स्थिति में नियंत्रण कक्ष के नंबर 06183-223333 पर संपर्क करें.

ऑनलाईन बुकिंग की सुविधा निम्न प्रकार है:-  

1. इण्डेन गैस हेतु Whatsapp द्वारा 7588888824, Missed Call द्वारा 8454955555, IVRS द्वारा 7718955555  

2. एच०पी० गैस हेतु Whatsapp द्वारा 9222201122, Missed Call द्वारा 9493602222, IVRS द्वारा 8888823456  

3. भारत गैस हेतु Whatsapp द्वारा 1800224344, Missed Call द्वारा 7710955555, IVRS द्वारा 7715012345  













Post a Comment

0 Comments