कार सवार युवकों ने बाजार में चलाई गोलियां, पुलिस की घेराबंदी में दो गिरफ्तार ..

तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार से एक लोडेड 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया. वहीं घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाकर चार खाली खोखे भी बरामद किए गए, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई.

पकड़े गए युवकों के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय व अन्य, बरामद कार, पिस्टल तथा मोबाइल फोन 
 





                               


  • धनसोई बाजार में हर्ष फायरिंग से दहशत, पुलिस ने दो मनचलों को हथियार सहित दबोचा
  • चार खोखा, देशी पिस्टल और कार बरामद, एक आरोपी अब भी फरार

बक्सर टॉप न्यूज, धनसोई बाजार में कार सवार युवकों द्वारा हर्ष फायरिंग किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही बक्सर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दो मनचलों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.

घटना 26 मार्च की है, जब बाजार में एक कार सवार युवक द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना पुलिस को मिली. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कार को रोकने के लिए घेराबंदी शुरू की.

पुलिस को देखते ही कार चालक ने धनसोई स्थित पेट्रोल पंप के पास वाहन खड़ा कर भागने का प्रयास किया. इस दौरान एक युवक फरार हो गया, जबकि दो को सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया. तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार से एक लोडेड 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया. वहीं घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान चलाकर चार खाली खोखे भी बरामद किए गए, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई.

गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में अपना नाम गोलु कुमार यादव, पिता अर्जुन सिंह एवं श्याम कुमार उर्फ लड्डु, पिता विरेन्द्र यादव, दोनों निवासी सिसौंधा, थाना धनसोई, जिला बक्सर बताया. इस संबंध में धनसोई थाना कांड संख्या 39/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वयं धनसोई थाना पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच की. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है. साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर गौरव पाण्डेय, थानाध्यक्ष धनसोई विकास कुमार, पु०अ०नि० कमल कुमार सिंह, पु०अ०नि० अभय कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.













Post a Comment

0 Comments