रामनवमी पर भव्य शोभायात्राओं से झूम उठा बक्सर, हर गली में गूंजे जयकारे ..

भव्य शोभायात्राएं और जुलूस निकाले गए, जिनमें भगवान श्रीराम की आकर्षक प्रतिमाएं और झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहीं. ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की स्वर लहरियां और ‘जय श्री राम’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.
 




                               



  • ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों से सराबोर रहा पूरा शहर
  • भंडारा और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिखी सामाजिक एकता

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को बक्सर जिले में आस्था, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 25 से अधिक भव्य शोभायात्राएं और जुलूस निकाले गए, जिनमें भगवान श्रीराम की आकर्षक प्रतिमाएं और झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहीं. ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की स्वर लहरियां और ‘जय श्री राम’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.


सुबह से ही रामनवमी को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में तैयारियां शुरू हो गई थीं. रामरेखा घाट, ठठेरी बाजार, गोलंबर हनुमान मंदिर, सिंडीगेट रोड, चौसा बाजार और डुमरांव अनुमंडल समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. विभिन्न समितियों द्वारा सजाई गई झांकियों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था. पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं की टोलियां शोभायात्राओं की रौनक बढ़ा रही थीं.

नगर में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय तथा नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखे.

भंडारा और सेवा से बढ़ी श्रद्धा की मिठास
शोभायात्राओं के दौरान विभिन्न स्थानों पर रामायण के प्रसंगों को दर्शाती जीवंत झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूपों ने लोगों का मन मोह लिया. जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया. खास बात यह रही कि कई स्थानों पर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर भंडारा, पेयजल और शरबत की व्यवस्था की, जो सामाजिक सौहार्द का संदेश देता नजर आया.

बक्सर नगर के गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर में प्रबंध समिति द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व अरविंद कुमार सिंह कर रहे थे. इस दौरान भाजपा नेता सुशील कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.

सामाजिक कार्यकर्ता डॉ श्रवण कुमार तिवारी ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, अनुशासित और प्रभावशाली रहा.  कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि कि यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है. मौके पर ईशान त्रिवेदी, नियामतुल्लाह फरीदी, ओम जी यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुए आयोजन
शोभायात्राओं को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की थी. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. ड्रोन कैमरों से भीड़ की निगरानी की जा रही थी, जबकि जगह-जगह मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी मुस्तैद नजर आए. पुलिस की लगातार गश्त और सतर्कता के कारण पूरे जिले में कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और सभी आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए.














Post a Comment

0 Comments