विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई. इस दौरान भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई और जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.

- 12 बजे गूंजा “भए प्रकट कृपाला”, श्रद्धालुओं ने मनाया प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव
- 30 मार्च से शुरू होगा 73वां वार्षिकोत्सव, तीन दिन तक चलेंगे धार्मिक आयोजन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के केसठ प्रखंड स्थित दंगौली गांव का राम जानकी मंदिर शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा. ठीक दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर घंटे-घड़ियाल की गूंज और “भए प्रकट कृपाला दीन दयाला...” के मधुर स्वर से गूंज उठा, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मनाया.
मंदिर के व्यवस्थापक राम किकंर सिंह उर्फ भिखारी सिंह के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई. इस दौरान भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई और जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
कार्यक्रम में राघवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ सोनू सिंह, धरनीधर सिंह, मुरलीधर सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह, राजीव रंजन सिंह, विवेक जी, सक्षम जी, भानु सिंह, कान्हा जी सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने मिलकर भक्ति भाव से आयोजन को सफल बनाया.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम को भगवान विष्णु का सातवां अवतार माना जाता है. उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में पूजा जाता है, जो आदर्श जीवन, सत्य और धर्म के प्रतीक हैं. मान्यता है कि रामनवमी के दिन उपवास और पूजा करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है.
मंदिर के व्यवस्थापक राम किकंर सिंह उर्फ भिखारी सिंह ने बताया कि राम जानकी मंदिर की स्थापना विक्रम संवत 2012 में रामनवमी के दिन ही की गई थी. तभी से यहां हर वर्ष भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन होता आ रहा है. इस वर्ष मंदिर अपना 73वां वार्षिकोत्सव मनाने जा रहा है.
उन्होंने बताया कि 30 मार्च से 1 अप्रैल तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न स्थानों से संत और महात्मा भाग लेंगे. इस दौरान भजन-कीर्तन, प्रवचन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा.
वहीं प्रखंड के अन्य गांवों में भी रामनवमी के अवसर पर पूजा-अर्चना कर भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा.





.png)











0 Comments