बिस्मिल्लाह खान महोत्सव में सुरों की गूंज, शहनाई की तान ने जीवंत की उस्ताद की परंपरा..

भावुक क्षण तब आया जब उस्ताद के परिवार से जुड़े तबला वादक नाजिम हुसैन और शहनाई वादक अफाक अहमद ने प्रस्तुति दी. उनकी धुनों ने ऐसा जादू बिखेरा कि लोगों को लगा मानो स्वयं बिस्मिल्लाह खान मंच पर जीवंत हो उठे हों.


 






                                 



  • स्थानीय से बॉलीवुड कलाकारों ने बांधा समां, देर रात तक झूमते रहे दर्शक
  • शहनाई की धुनों में जीवंत हुई उस्ताद की याद, सूफी गायन ने बनाया माहौल खास

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : डुमरांव में आयोजित भारत रत्न जयंती महोत्सव संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम बन गया, जहां स्थानीय कलाकारों से लेकर बॉलीवुड गायकों तक की प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा शहर सुरों में डूब गया.शहनाई की तान ने उस्ताद की याद और उनकी परम्परा को एक बार फिर जिन्दा कर दिया.

कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य महोत्सव का आयोजन उस्ताद के पैतृक निवास और राज हाई स्कूल मैदान में किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक राहुल कुमार सिंह, डीएम साहिला, डीडीसी निहारिका छवि, एडीएम अरुण कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के साथ ही वातावरण मधुर संगीत से सराबोर हो उठा.

कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों से हुई. सुमन कुमारी, अमित कुमार, अभिषेक कुमार, ऐश्वर्या कुमारी और ओमकार ने अपने गीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया. इसके बाद कला एवं संस्कृति विभाग के कलाकारों ने “बिहार दर्शन” की आकर्षक प्रस्तुति देकर तालियां बटोरीं.

महोत्सव का सबसे खास आकर्षण बॉलीवुड के सूफी गायक की प्रस्तुति रही. उन्होंने जैसे ही मंच संभाला, पूरा माहौल सूफियाना रंग में रंग गया. उनके गीतों पर दर्शक झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गूंज उठा.

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शहनाई को वैश्विक पहचान दिलाई और भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.

कार्यक्रम का भावुक क्षण तब आया जब उस्ताद के परिवार से जुड़े तबला वादक नाजिम हुसैन और शहनाई वादक अफाक अहमद ने प्रस्तुति दी. उनकी धुनों ने ऐसा जादू बिखेरा कि लोगों को लगा मानो स्वयं बिस्मिल्लाह खान मंच पर जीवंत हो उठे हों.

इसके अलावा जयपुर घराने के शाबरी ब्रदर्स ने भी अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया. उनके गीतों ने श्रोताओं के दिलों को छू लिया और पूरा डुमरांव देर रात तक संगीत की लहरों में डूबा रहा.

कार्यक्रम का सफल संचालन सुमिता पांडेय और अनुराग मिश्रा ने किया. मौके पर एसपी शुभम आर्या, एडीएम अरुण कुमार, एसडीएम राकेश कुमार, ईओ राहुल कुमार, डीपीआरओ आलोक नारायण वत्स, रेड क्रॉस सचिव डॉ श्रवण कुमार तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, डीसीएलआर टेस लाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, लोजपा आर जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह, जिला कला पदाधिकारी प्रतिमा कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.












Post a Comment

0 Comments