बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा हुआ 11 वर्षीय किशोर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना में एक महिला सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

- जमौली गांव के बधार में दर्दनाक हादसा, महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलसे
- इकलौते बेटे की मौत से गांव में पसरा मातम, सहायता की उठी मांग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में शनिवार की शाम मौसम का बदला मिजाज एक परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया. अचानक शुरू हुई बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा हुआ 11 वर्षीय किशोर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना में एक महिला सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र की देवढ़िया पंचायत अंतर्गत जमौली गांव निवासी 11 वर्षीय आशीष कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आशीष गांव के बधार के पास खेल रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया. उसी पेड़ के नीचे भैंस चरा रहे योगेश कुमार और शैल कुंवर भी आकर खड़े हो गए.
तेज गर्जना के साथ हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर गिर गई. इसकी चपेट में आने से तीनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तत्काल तीनों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि योगेश कुमार और शैल कुंवर का इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि आशीष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की है.





.png)









0 Comments