समाज के कई लोगों ने सहयोग का हाथ बढ़ाया था. विवाह की संपूर्ण व्यवस्था सामाजिक सहयोग से की गई. आयोजन में मौजूद लोगों ने इसे केवल शादी समारोह नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों की मिसाल बताया.
- शुक्रवार को श्री श्याम उत्सव वाटिका में पूरे सम्मान के साथ संपन्न हुई शादी
- सामाजिक सहयोग से हुए आयोजन की हर ओर हुई चर्चा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर में इंसानियत और सामाजिक एकजुटता की एक अनोखी तस्वीर शुक्रवार को देखने को मिली, जब दो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटियों की शादी पूरे सम्मान और धूमधाम के साथ संपन्न कराई गई. श्री श्याम उत्सव वाटिका में आयोजित इस विशेष समारोह में शहर के कई नामचीन लोगों, प्रबुद्ध जनों और समाजसेवियों ने शिरकत कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया. इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि यदि समाज एकजुट हो जाए तो किसी भी बेटी के सपने अधूरे नहीं रह सकते.
आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयों से जूझ रही दोनों बहनों के विवाह को लेकर समाज के कई लोगों ने सहयोग का हाथ बढ़ाया था. विवाह की संपूर्ण व्यवस्था सामाजिक सहयोग से की गई. आयोजन में मौजूद लोगों ने इसे केवल शादी समारोह नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों की मिसाल बताया.
बेहतरीन व्यवस्थाओं ने जीता लोगों का दिल
शादी समारोह के दौरान की गई व्यवस्थाओं ने सभी लोगों को प्रभावित किया. विवाह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. भोजन, बारात स्वागत, बैठने की व्यवस्था और अन्य सभी इंतजामों को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया गया था. समारोह में शामिल होने वाले लोगों ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि आयोजन का हर पहलू बेहतर तरीके से तैयार किया गया था.
दूल्हा-दुल्हन पक्ष ने जताया आभार
दूल्हा-दुल्हन, उनके स्वजन और जानने वाले लोगों ने आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उनका कहना था कि जिस प्रकार से सभी व्यवस्थाएं की गईं, वैसी व्यवस्था कर पाना हर किसी के लिए संभव नहीं होता. उन्होंने कहा कि उन्हें यहां परिवार जैसा अपनापन और सम्मान मिला, जिसने इस अवसर को और यादगार बना दिया.
शहर की कई प्रमुख हस्तियां हुईं शामिल
शादी समारोह में नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, जदयू नेता संजय सिंह, वार्ड पार्षद राजू राय समेत कई सामाजिक और प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे. इसके अलावा विभिन्न संगठनों और सामाजिक समूहों के लोगों ने भी समारोह में भाग लिया.
आयोजकों के प्रयासों की हुई सराहना
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अजय मानसिंह, पंकज पांडेय और युवा शक्ति सेवा संस्थान के सदस्यों के प्रयासों की खुलकर सराहना की. लोगों ने कहा कि समाज में ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके और समाज में सकारात्मक सोच मजबूत हो.
विदाई के समय दोनों बेटियों को अलमारी, पलंग, ड्रेसिंग टेबल, सिलाई मशीन, कूलर सहित गृहस्थी की जरूरत के कई सामान भेंट किए गए.
समाज को दिया प्रेरणा का संदेश
मौजूद लोगों ने कहा कि बेटियों की जिम्मेदारी केवल परिवार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज को भी आगे आकर सहयोग करना चाहिए. लोगों का मानना था कि इस तरह की पहल आने वाले समय में अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और सामाजिक एकता को मजबूत करेगी. हालांकि, हिंदू रीति रिवाज की धर्मिक मान्यताओं के मुताबिक अधिमास में विवाह निषिद्ध है.
वीडियो :






.png)









0 Comments