बड़ी खबर : क्षतिग्रस्त आरओबी की मरम्मत शुरु, एसडीएम ने नया रूट प्लान किया जारी ..

पुल पर सामान्य तरीके से वाहनों का परिचालन फिलहाल सुरक्षित नहीं माना जा रहा है. क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और इसके पूरा होने तक अस्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी.

पांडेय पट्टी रेलवे क्रॉसिंग से गुजरते वाहन 

 





                               


- पुल की मरम्मत पूरी होने तक वैकल्पिक मार्गों से चलेगा यातायात

- छोटे और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को विशेष छूट दी गई

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर :  इटाढ़ी रेलवे गुमटी के पास स्थित नए रेलवे ओवरब्रिज में क्षति सामने आने के बाद प्रशासन ने नया रूट प्लान जारी कर दिया है. एसडीएम बक्सर सदर अविनाश कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार पुल की मरम्मत पूरी होने तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है, जबकि विभिन्न क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. प्रशासन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना और जाम की समस्या को नियंत्रित करना है.

जानकारी के अनुसार बक्सर और बरूणा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित पूर्वी रेलवे गुमटी संख्या 70 बी/टी के समीप निर्मित आरओबी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है. इस कारण पुल पर सामान्य तरीके से वाहनों का परिचालन फिलहाल सुरक्षित नहीं माना जा रहा है. क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और इसके पूरा होने तक अस्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी.

दक्षिणी क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग

यह सड़क बक्सर जिले को दक्षिणी क्षेत्रों तथा रोहतास जिले से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है. प्रतिदिन इस मार्ग से बड़ी संख्या में यात्री वाहन, मालवाहक वाहन और अन्य परिवहन साधनों का संचालन होता है. अधिक ट्रैफिक दबाव के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति भी बनी रहती है.

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

नए आदेश के अनुसार इटाढ़ी क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को अब राजपुर और चौसा मार्ग का उपयोग करना होगा. वहीं नावानगर और सिकरौल की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों को कोरानसराय, डुमरांव और नया भोजपुर होते हुए बक्सर पहुंचने का निर्देश दिया गया है. रोहतास जिले से आने वाले भारी वाहनों को भी इटाढ़ी मार्ग से बचने की सलाह दी गई है.

जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को मिली राहत

प्रशासन ने मोटरसाइकिल, ऑटो और ई-रिक्शा जैसे छोटे वाहनों को पाण्डेयपट्टी रेलवे फाटक से आने-जाने की अनुमति दी है. इसके अलावा स्कूल बस, दूध आपूर्ति और गैस सिलेंडर से जुड़े वाहनों को भी इसी रास्ते का उपयोग करने की छूट दी गई है.













Post a Comment

0 Comments