आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया.
- लल्लू केशरी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही आशंका
- आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियां, राहत कार्य जारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के व्यस्त गोला बाजार इलाके में मंगलवार देर रात अचानक एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना पोस्ट ऑफिस के ठीक सामने स्थित लल्लू केशरी की किराना दुकान में रात करीब 10:30 बजे हुई. दुकान से उठती तेज आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी. आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही रेड क्रॉस सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी के प्रतिनिधि शुभम तिवारी, पूर्व पार्षद राकेश सिंह, स्थानीय वार्ड पार्षद विजय कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों से जानकारी ली.
देर रात तक दमकल कर्मी आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा आग से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है. घटना के बाद पूरे इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही और लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.






.png)










0 Comments