पुल टूटने पर विधायक आनंद मिश्र का बड़ा हमला, सरकार से डीएम को तत्काल हटाने की मांग ..

उन्होंने बिहार सरकार से तत्काल प्रभाव से जिलाधिकारी को हटाने की मांग की है. विधायक का कहना है कि उन्होंने घटना से दो दिन पहले ही जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पुल की स्थिति को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.


 





                               


  • कहा- दो दिन पहले ही पत्र लिखकर किया था आगाह, नहीं हुई कार्रवाई
  • निर्माण एजेंसी और इंजीनियरों पर भी कार्रवाई की मांग, बोले- बक्सर को बना दिया गया ट्रेनिंग जिला

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के बाद मामला अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है. बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए सीधे जिलाधिकारी साहिला को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने बिहार सरकार से तत्काल प्रभाव से जिलाधिकारी को हटाने की मांग की है. विधायक का कहना है कि उन्होंने घटना से दो दिन पहले ही जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पुल की स्थिति को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.

विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि यह पहला मामला नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर आगमन के दौरान किला मैदान में हेलीकॉप्टर लैंडिंग के समय भी बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई थी, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी थी. उन्होंने कहा कि उस घटना के बाद भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया.

उन्होंने कहा कि बक्सर में जो भी अधिकारी आ रहे हैं, उनमें से अधिकतर इसे ट्रेनिंग जिला बनाकर रख चुके हैं. चाहे बात बक्सर डीएम की हो या एसपी की, व्यवस्था की स्थिति लगभग एक जैसी दिखाई दे रही है. इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.

विधायक ने बताया कि 3 जून को उन्होंने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में चौसा रेल ओवरब्रिज और इटाढ़ी ओवरब्रिज की असमतल और खतरनाक स्थिति का उल्लेख किया था. पत्र में कहा गया था कि पुल के चढ़ाव और उतराव में असमानता होने से वाहनों को तेज झटके लग रहे हैं और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. उन्होंने मामले की तत्काल तकनीकी जांच कराने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की थी.

आनंद मिश्र ने कहा कि पुल निर्माण एजेंसी, संबंधित इंजीनियरों और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जनता के सामने सच्चाई लाई जानी चाहिए.













Post a Comment

0 Comments