खेतों में आग की बढ़ती घटनाओं पर चेतावनी, किसानों से सावधानी बरतने की अपील ..

कहा कि किसान पूरे साल कड़ी मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन इस तरह की छोटी गलतियां उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देती हैं. 

 





                               


  • लापरवाही बन रही मेहनत पर भारी
  • आपदा में रेडक्रॉस साथ, लेकिन बचाव जरूरी

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले में खेतों में लगी फसल में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए रेडक्रॉस सचिव डॉ श्रवण कुमार तिवारी ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाही किसानों की महीनों की मेहनत को पलभर में राख में बदल रही है.

रेडक्रॉस सचिव डॉ श्रवण कुमार तिवारी ने कहा कि इन दिनों खेतों में लगी फसल के जलने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जो काफी चिंताजनक है. उन्होंने बताया कि अधिकांश मामलों में आग लगने का कारण लापरवाही ही सामने आ रही है, खासकर बीड़ी या सिगरेट पीकर उसे खेतों में फेंक देना.

उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल कड़ी मेहनत करके अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन इस तरह की छोटी गलतियां उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देती हैं. ऐसे में किसानों को चाहिए कि वे अपने खेतों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की ज्वलनशील वस्तु को वहां न फेंकें.

डॉ. तिवारी ने आगे कहा कि गर्मी के मौसम में सूखी फसल और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती है, जिससे नुकसान और भी बढ़ जाता है. इसलिए जरूरी है कि किसान खुद भी जागरूक रहें और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत करें.

उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस हमेशा आपदा के समय पीड़ित मानवता के साथ खड़ा रहता है और जरूरतमंदों की हर संभव सहायता करता है. लेकिन यदि पहले से सावधानी बरती जाए तो ऐसी घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है.

अंत में उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है और छोटी-छोटी सावधानियों से बड़े नुकसान से बचा जा सकता है.













Post a Comment

0 Comments