बनारपुर में फायरिंग, दिनदहाड़े हुई घटना से गांव में दहशत ..

बताया जा रहा है कि 4-5 गाड़ियों के साथ पहुंचे लोगों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

 





                               


- गांव में शक्ति प्रदर्शन और दहशत फैलाने की चर्चा, ग्रामीणों में भय का माहौल
- पुलिस कर रही लगातार छापेमारी, मंगलवार देर शाम तक किसी की गिरफ्तारी नहीं

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में मंगलवार दोपहर ठेकेदारी वर्चस्व को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि 4-5 गाड़ियों के साथ पहुंचे लोगों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

मंगलवार को करीब 12 बजे बनारपुर गांव में अचानक फायरिंग की आवाज से अफरातफरी मच गई. घटना के बाद गांव में भय का माहौल कायम हो गया और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए.

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि जलहरा गांव निवासी उमेश राय का पुत्र आनंद राय उर्फ सीपू, जो पूर्व में एक सफेदपोश के साथ बालू के कारोबार में जुड़ा हुआ था, आजकल बनारपुर गांव निवासी मनोरंजन पांडेय के साथ मिलकर थर्मल पावर प्लांट में ठेकेदारी कर रहा था. इसी बीच राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में आरोपी होने पर मनोरंजन पांडेय के जेल जाने के बाद आनंद राय ठेकेदारी में अपना वर्चस्व कायम करना चाहता था.

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार हाल ही में मनोरंजन पांडेय जमानत पर जेल से बाहर आया है. ऐसे में आनंद राय 4-5 गाड़ियों में अपने समर्थकों के साथ मनोरंजन के गांव बनारपुर पहुंचा और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की. चर्चा यह भी है कि आनंद राय ठेकेदारी में एकछत्र राज स्थापित करने के लिए मनोरंजन पांडेय को अपने रास्ते से हटाना चाहता है.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया. मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी है.

थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि गोलीबारी की घटना सामने आई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है.












Post a Comment

0 Comments