फायर स्टेशन परिसर में होली मिलन सह जागरूकता अभियान आयोजित ..

स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़, सजावट और लाइटिंग के कारण आग लगने की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का रूप ले सकती है.







                                       

  • होली से पहले अलर्ट मोड में फायर विभाग, सुरक्षा मानकों पर सख्त निर्देश
  • प्रतिष्ठानों को अग्निशामक यंत्रों की नियमित जांच और मॉक ड्रिल की सलाह 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : शहर के बाजार समिति रोड स्थित फायर स्टेशन परिसर में होली पर्व को सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से होली मिलन सह जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया. जिला अग्निशमन पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष बल दिया गया.

कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंप संचालकों, मैरेज हॉल एवं रेस्टोरेंट प्रबंधकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़, सजावट और लाइटिंग के कारण आग लगने की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का रूप ले सकती है.

सदर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, डुमरांव अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे. जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने अपने संबोधन में सभी प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया कि वे अपने संस्थानों में लगे अग्निशामक यंत्रों की नियमित जांच कराएं और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करें.

उन्होंने हाइड्रेंट एवं जल स्रोतों को चालू हालत में रखने, विद्युत वायरिंग की समय-समय पर जांच कराने तथा कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का समुचित प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया. सेमिनार में अग्नि से बचाव के व्यावहारिक उपायों, आपातकालीन निकास मार्ग की व्यवस्था, अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग और मॉक ड्रिल की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई.

अधिकारियों ने कहा कि सतर्कता और पूर्व तैयारी ही बड़े हादसों को टालने का सबसे प्रभावी तरीका है. कार्यक्रम का समापन होली मिलन के सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी सहयोग और समन्वय के संकल्प के साथ हुआ.










Post a Comment

0 Comments