रामनवमी से पहले पुलिस का दमखम, दंगा नियंत्रण की मॉक ड्रिल से परखी तैयारी ..

अभ्यास के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न काल्पनिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों को भी प्रशासन की तैयारियों का अंदाजा हुआ.






                               




  • एंटी राइट गन, टियर गैस और वाटर कैनन के साथ सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास
  • प्रशासन ने कहा- हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को ज्योति प्रकाश चौक पर दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल का आयोजन किया, जिसमें आधुनिक उपकरणों के साथ पुलिस की तैयारियों को परखा गया.

रामनवमी के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य के निर्देशन में गुरुवार को नगर के ज्योति प्रकाश चौक पर दंगा नियंत्रण को लेकर विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई. इस दौरान पुलिस बल ने एंटी राइट गन, टियर गैस, वाटर कैनन सहित अन्य दंगा निरोधी उपकरणों का प्रयोग कर संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया.

मॉकड्रिल के दौरान डीएम, एसपी, डीडीसी, तथा एसडीएम

मॉक ड्रिल का उद्देश्य पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना था. अभ्यास के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न काल्पनिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों को भी प्रशासन की तैयारियों का अंदाजा हुआ.

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मी


इस मौके पर दंगा निरोधक दस्ता पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा. साथ ही डीडीसी निहारिका छवि, एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय भी मौके पर उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण करते नजर आए. अधिकारियों ने पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता और संयम के साथ कार्य करने पर जोर दिया.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी के दौरान जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आम लोगों से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है.













Post a Comment

0 Comments