वीडियो : रामनवमी को लेकर बक्सर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सड़क से लेकर सोशल साइट्स तक की निगरानी ..

अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.

पत्रकारों से जानकारी साझा करते डीएम, एसपी, डीडीसी तथा एडएम





                               


- जुलूसों के लिए लाइसेंस जारी, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
- सोशल मीडिया पर विशेष नजर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रामनवमी के मद्देनजर जिले में प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं. शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है. जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों सहित संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा उपद्रवियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है.

सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार अनुसार अनुमंडल में 10 समितियां को जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस दिए गए हैं. डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि उनके यहां तकरीबन 11 समितियों को जुलूस निकालने के लिए अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) जारी किए गए हैं. सभी जुलूसों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए गए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य होगा. अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि जिलेवासी आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएंगे और शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे.

चप्पे - चप्पे पर होगी निगरानी, मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था 

जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में कुल 54 स्थानों पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. इसके अलावा 31 गश्ती दल, दंडाधिकारी एवं नोडल अधिकारी सक्रिय रहेंगे, जबकि 14 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त तैनाती की गई है. सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई है. जहां-जहां जुलूस निकाले जाने हैं, वहां संबंधित समितियों को विधिवत लाइसेंस जारी किया गया है.

6 हजार असामाजिक तत्वों पर की गई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि रामनवमी के दौरान जिले में कुल 27 जुलूस निकलने की सूचना प्राप्त हुई है. इस दौरान लगभग 6000 असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है तथा उनसे बॉन्ड भरवाए गए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और इसके लिए डीजे संचालकों को पूर्व में ही सचेत कर दिया गया है.

जूलूस के आगे और पीछे चलेंगे पुलिसकर्मी

एसपी ने आगे बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा प्रत्येक जुलूस के पीछे गश्ती दल तैनात रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके. जिन जुलूसों को अनुमति दी गई है, उनके लिए जारी अनुज्ञप्ति में सभी शर्तें स्पष्ट रूप से अंकित हैं और उनका पालन अनिवार्य होगा।

सोशल मीडिया पर इधर-उधर करने वालों पर भी नज़र : 

प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है. अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.

एसपी ने बताया कि जल्द ही जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके. हाल ही में पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश द्वारा बक्सर पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन उन सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कर रहा है, ताकि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.












Post a Comment

0 Comments