गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था. ऐसे में स्थायी समाधान के रूप में नए सिरे से मजबूत निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी.
![]() |
| बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग |
- चौसा से बसही तक 22 किमी सड़क का होगा कायाकल्प, 2027 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य
- दो पुलिया, 7 मीटर चौड़ी सड़क और शोल्डर के साथ सफर होगा आसान, हादसों पर लगेगी लगाम
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के बहुप्रतीक्षित बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग की तस्वीर अब बदलने जा रही है. लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ी इस सड़क के सुदृढ़ निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. चौसा से सीमावर्ती बसही तक करीब 22 किलोमीटर लंबी इस सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. इससे आने वाले समय में सफर सुगम, सुरक्षित और तेज हो जाएगा. लगभग 117 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का जिम्मा अनुभवी वारिस कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया है. सड़क की चौड़ाई 7 मीटर होगी और दोनों किनारों पर ढाई-ढाई मीटर के शोल्डर बनाए जाएंगे. इससे दो बड़े वाहन आसानी से एक-दूसरे को पार कर सकेंगे. निर्माण के दौरान सड़क को नीचे से मजबूत कर उच्च गुणवत्ता का कालीकरण किया जाएगा, ताकि यह लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे.
मरम्मत के बाद भी नहीं सुधरी थी स्थिति
यह मार्ग पहले भी कई बार मरम्मत के बावजूद अपनी स्थिति नहीं सुधार सका. भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त होती रही. गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था. ऐसे में स्थायी समाधान के रूप में नए सिरे से मजबूत निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी.
हजारों वाहनों की जीवनरेखा है यह मार्ग
बक्सर को रोहतास और आगे सासाराम से जोड़ने वाली यह सड़क प्रतिदिन हजारों वाहनों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है. छोटे-बड़े वाहन 24 घंटे इस मार्ग से गुजरते हैं. वर्तमान में खराब हालत के कारण कई वाहन चालक इस रास्ते से बचते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है.
दो स्थानों पर बनेंगी मजबूत पुलिया
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार ने बताया कि यह सड़क स्टेट हाईवे-17 के अंतर्गत आती है. निर्माण कार्य के दौरान दो स्थानों पर मजबूत कंक्रीट की पुलिया भी बनाई जाएगी. इससे बरसात और बाढ़ के समय पानी निकासी सुचारू रहेगी और यातायात बाधित नहीं होगा.
समय और ईंधन दोनों की होगी बचत
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बक्सर से कोचस और आगे सासाराम तक की यात्रा आसान हो जाएगी. इससे यात्रियों का समय बचेगा और ईंधन की खपत भी कम होगी.
ग्रामीणों और व्यापार के लिए बनेगी वरदान
यह सड़क न केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत लेकर आएगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देगी. बेहतर सड़क सुविधा मिलने से क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी. विभाग का लक्ष्य है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ दिया जाए.






.png)











0 Comments