बुधवार से शुक्रवार के बीच अलग-अलग अभियानों में कुल आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें चार चोरी की घटनाओं में शामिल थे, जबकि चार शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए.
- बुधवार को चोरी के मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और नकद जब्त
- शुक्रवार रात ट्रेन में छापेमारी, 32.790 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ चार तस्कर पकड़े गए
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की सक्रियता के चलते जिले में तीन दिनों के भीतर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. बुधवार से शुक्रवार के बीच अलग-अलग अभियानों में कुल आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें चार चोरी की घटनाओं में शामिल थे, जबकि चार शराब तस्करी के आरोप में पकड़े गए. पुलिस ने सभी मामलों में चोरी का सामान, नकद राशि और भारी मात्रा में शराब बरामद की है.
बुधवार को RPF बक्सर और GRP बक्सर की संयुक्त टीम ने स्टेशन के पूर्वी यार्ड में छापेमारी कर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया. ये दोनों यात्री का सामान चोरी कर भागने की फिराक में थे. तलाशी के दौरान इनके पास से एक महिला का पर्स, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और दो ब्लेड बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल (28 वर्ष), पिता श्याम लाल, निवासी ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) और राम चंद्र माली (30 वर्ष), पिता राजेंद्र माली, निवासी कोईलवर, भोजपुर के रूप में हुई है.
इसी दिन ट्रेन संख्या 01144 में बक्सर-भभुआ रोड के बीच चोरी की एक और घटना सामने आई. कंट्रोल दानापुर से सूचना मिलने के बाद RPF और GRP की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. बताया गया कि अपराधियों ने वारदात के बाद चेन खींचकर ट्रेन से कूदकर भागने की कोशिश की थी. इस मामले में राज कुमार (21 वर्ष), पिता अनिल कुमार, निवासी पटना साहिब और फिरदौस आलम (40 वर्ष), पिता नियाज आलम, निवासी शास्त्री पार्क, सीलमपुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से एक मोबाइल फोन, 6490 रुपये नकद और एक ब्लेड बरामद किया गया.
वहीं, शुक्रवार की रात RPF बक्सर द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान ट्रेन संख्या 12370 से कुल 32.790 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 12660 रुपये बताई गई है.
शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार गिरी (23 वर्ष), पिता प्रमोद गिरी, निवासी नरगदा, थाना कृष्णागढ़, जिला भोजपुर, नीरज कुमार (21 वर्ष), पिता अरुण चौधरी, निवासी सालिमपुर, जिला पटना, प्रिंस कुमार (19 वर्ष), पिता संतोष कुमार, निवासी मनेर, जिला पटना तथा मुन्ना कुमार (26 वर्ष), पिता उमेश महतो, निवासी सब्बलपुर, जिला पटना के रूप में हुई है.
RPF अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया है.






.png)












0 Comments