ट्रकों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, मची अफरातफरी ..

स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन शुरुआती कोशिशें नाकाफी साबित हुईं.


 





                               


  • टक्कर के बाद शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, कई दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
  • स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : शनिवार सुबह जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में शॉर्ट सर्किट हुआ और एक ट्रक के इंजन में आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

घटना सोनवर्षा थाना क्षेत्र के टिक पोखर के पास की है, जहां हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात छोटी दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन शुरुआती कोशिशें नाकाफी साबित हुईं.

अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी के अनुसार, आग तेजी से फैल रही थी, जिसे देखते हुए जगदीशपुर और डुमरांव अग्निशमालय से बड़ी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया. इसके बाद दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की. काफी मशक्कत के बाद आखिरकार आग को पूरी तरह बुझा लिया गया.

इस घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालांकि, आग पर काबू पाने के बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कर दिया गया.

गनीमत रही कि इस हादसे में दोनों ट्रकों के चालक और सहचालक पूरी तरह सुरक्षित रहे. दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया. फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है.













Post a Comment

0 Comments