खेतों में आग रोकने को प्रशासन सख्त, पराली और हार्वेस्टर पर कड़ी निगरानी, सिगरेट पीने पर एफआइआर .

रात में गश्ती बढ़ाने और "रोको-टोको" अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. खासतौर पर ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है, जो खेतों में बीड़ी-सिगरेट पीकर लापरवाही करते हैं. 






                               



  • अनुमंडल कार्यालय में कृषि टास्क फोर्स की बैठक, किसानों को जागरूक करने का निर्देश
  • रात में बढ़ेगी पुलिस गश्ती, लापरवाही पर होगी प्राथमिकी दर्ज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : फसल कटनी के मौसम को देखते हुए आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने और कृषि व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय बक्सर में अहम बैठक आयोजित की गई. अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस कृषि टास्क फोर्स बैठक में पराली जलाने पर सख्ती, हार्वेस्टर के नियमन और गर्मी में आग से बचाव जैसे मुद्दों पर ठोस निर्णय लिए गए.

बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सभी कृषि समन्वयक और संबंधित अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान क्षेत्र में किसानों को हो रही समस्याओं पर चर्चा की गई और जमीनी स्तर पर समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी और इसके दुष्प्रभावों को लेकर किसानों को जागरूक करना प्राथमिकता होगी.

हार्वेस्टर को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया. निर्देश दिया गया कि सभी हार्वेस्टर का निबंधन अनिवार्य होगा और उनके फिटनेस की नियमित जांच की जाएगी. यह भी बताया गया कि कई बार खराब हार्वेस्टर के कारण खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं. इसके साथ ही हार्वेस्टर चलाने वाले ड्राइवरों का सत्यापन अनिवार्य किया गया है, ताकि केवल प्रशिक्षित और दक्ष चालक ही मशीनों का संचालन करें.

गर्मी के मौसम में बढ़ती आग की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं. सभी थानाध्यक्षों को रात में गश्ती बढ़ाने और "रोको-टोको" अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. खासतौर पर ऐसे लोगों पर नजर रखने को कहा गया है, जो खेतों में बीड़ी-सिगरेट पीकर लापरवाही करते हैं. यदि कोई व्यक्ति ऐसी हरकत करते पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

अग्निशमन विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है. फसल कटनी के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर को हर समय तैयार रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सभी कृषि समन्वयकों और सलाहकारों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि उनके पास अग्निशमन कार्यालय, विद्युत विभाग और संबंधित थाना के अधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध रहें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.

बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि किसानों की सुरक्षा और फसल बचाव प्रशासन की प्राथमिकता है, इसके लिए सभी विभाग मिलकर समन्वय के साथ काम करेंगे.













Post a Comment

0 Comments