CIA वेबसाइट पर PM को जान से मारने की धमकी : डार्क वेब एक्सेस करने का खुलासा, साइबर क्राइम में जेल ..

तलाशी में लैपटॉप, दो मोबाइल, दो पेनड्राइव, नौ डेबिट कार्ड और एक फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया. जांच में सामने आया कि मोबाइल में कई VPN और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े ऐप मौजूद थे, जबकि लैपटॉप में टोर ब्राउजर इंस्टॉल था, जिसका उपयोग डार्क वेब एक्सेस करने के लिए किया जाता है.







                               




सिमरी के आशा पड़री गांव से युवक पकड़ा गया, साइबर टीम ने की बड़ी कार्रवाई

लैपटॉप-मोबाइल से VPN, क्रिप्टो ऐप और टोर ब्राउजर मिला, डार्क वेब कनेक्शन की जांच

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी से जुड़े गंभीर मामले में बक्सर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिमरी थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने अमेरिका की गुप्तचर एजेंसी CIA की वेबसाइट पर आपत्तिजनक पोस्ट कर प्रधानमंत्री को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई.



यह मामला 8 अप्रैल 2026 का है, जब सिमरी थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि आशा पड़री गांव निवासी अमल कुमार तिवारी इस तरह की गतिविधियों में शामिल है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई और आरोपी के घर छापेमारी की गई.

छापेमारी के दौरान अमल कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया. घर की तलाशी में लैपटॉप, दो मोबाइल, दो पेनड्राइव, नौ डेबिट कार्ड और एक फर्जी पहचान पत्र बरामद किया गया. जांच में सामने आया कि मोबाइल में कई VPN और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े ऐप मौजूद थे, जबकि लैपटॉप में टोर ब्राउजर इंस्टॉल था, जिसका उपयोग डार्क वेब एक्सेस करने के लिए किया जाता है.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. यह भी सामने आया है कि वह पहले भी कोलकाता एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने के मामले में शामिल रहा है. इस बार मामला प्रधानमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस पूरी सतर्कता के साथ जांच कर रही है.

इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 19/26, दिनांक 10 अप्रैल 2026 को दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित कनेक्शन की गहन जांच में जुटी है.

साइबर थाना टीम में शामिल अधिकारी :
अविनाश कुमार कश्यप, ओम प्रकाश कुमार, संजय कुमार सिंह, ज्योति कुमारी, श्रीकांत कुमार, शभम राज, अनुपन कुमारी, अमीषा कुमारी सहित साइबर थाना और सिमरी थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे.













Post a Comment

0 Comments