एमएलसी उपचुनाव 2026 को लेकर बक्सर में तैयारियां तेज हो गई हैं. चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही प्रशासन ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट कर दिया है, वहीं आदर्श आचार संहिता भी लागू कर दी गई है.
- 16 अप्रैल से नामांकन, 12 मई को मतदान और 14 मई को मतगणना
- आचार संहिता लागू, सभी दलों ने मतदान केंद्र सूची पर नहीं जताई आपत्ति
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर: भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के एमएलसी उपचुनाव 2026 को लेकर बक्सर में तैयारियां तेज हो गई हैं. चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही प्रशासन ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट कर दिया है, वहीं आदर्श आचार संहिता भी लागू कर दी गई है.
समाहरणालय सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी और विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष व सचिव शामिल हुए. बैठक में चुनाव की तैयारियों, मतदान केंद्रों और प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई.
प्रशासन की ओर से बताया गया कि अधिसूचना 16 अप्रैल को जारी होगी और 23 अप्रैल तक नामांकन किया जा सकेगा. 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 27 अप्रैल तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. मतदान 12 मई को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना 14 मई को की जाएगी. 15 मई तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी.
इस उपचुनाव के लिए भोजपुर जिला पदाधिकारी को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि बक्सर और डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारियों को सहायक निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है.
जिले के सभी 11 प्रखंडों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां नगर निकायों के मतदाता भी वोट डालेंगे. बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों को मतदान केंद्रों की सूची दी गई और सुझाव मांगे गए, लेकिन किसी भी दल ने कोई आपत्ति नहीं जताई.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रेस नोट जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और सभी राजनीतिक दलों को इसका पालन करना होगा, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.






.png)











0 Comments