पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं. एक युवक के साथ मारपीट, उसकी बाइक रोकने और बाद में परिजनों को धमकी देने की शिकायत अधिकारियों तक पहुंची है.
बाइक रोकने और पिटाई का आरोप, परिजनों ने जताया विरोध
पीड़ित ने एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग, वीडियो साक्ष्य सौंपने की बात
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर: नगर थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ घाट पर पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं. एक युवक के साथ मारपीट, उसकी बाइक रोकने और बाद में परिजनों को धमकी देने की शिकायत अधिकारियों तक पहुंची है. मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग की है.
महाराजा हाता निवासी उदय राधा कृष्ण के अनुसार, 13 अप्रैल की रात करीब 8 बजे उनके बेटे सौम्य राधा कृष्ण की मोटरसाइकिल को घाट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने रोका. उस समय बाइक उसका मित्र आलोक चला रहा था, जबकि विकास पीछे बैठा था. आरोप है कि एक पुलिसकर्मी ने आलोक के साथ मारपीट की, जिससे उसे चोट आई.
वीडियो :
घटना की सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पुलिसकर्मी वाहन की चाबी अपने पास रखे हुए थे. इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई और विरोध जताया गया. परिजनों का कहना है कि विरोध के बाद बाइक वापस कर दी गई.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि रात करीब 9 बजे कुछ पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को थाने आने के लिए कहा. इस घटना से परिवार में भय का माहौल बताया जा रहा है.
पीड़ित ने बताया कि घटना से संबंधित एक वीडियो उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध कराया है. हालांकि उपलब्ध कराए गए वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि बक्सर टॉप न्यूज़ नहीं करता.
इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता रामाकांत चौबे बताते हैं कि पुलिस का यह रवैया कहीं से भी उचित नहीं है. ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए.
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य से उनके सरकारी मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका.
वीडियो कुछ ही देर में ..






.png)












0 Comments