सुबह करीब 9 बजे जैसे ही उनकी बाइक मंझवारी मोड़ के पास पहुंची, तभी एफसीआई आपूर्ति में लगे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
- एफसीआई आपूर्ति ट्रक की चपेट में आई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
- पुलिस ने ट्रक जब्त किया, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सिमरी थाना क्षेत्र के मंझवारी मोड़ के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात से लौट रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घायल की पहचान सिमरी के दूधीपट्टी निवासी अली हुसैन के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह अपने एक मित्र की बारात से आरा के गजराजगंज से वापस घर लौट रहे थे. सुबह करीब 9 बजे जैसे ही उनकी बाइक मंझवारी मोड़ के पास पहुंची, तभी एफसीआई आपूर्ति में लगे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अली हुसैन सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है.
इस संबंध में थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सड़क पर चलते समय सतर्क रहें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.






.png)











0 Comments