रास्ते में सभी ने मिलकर बियर खरीदी और साथ बैठकर पी. इसके बाद उसे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सोहांव गांव की ओर ले जाया गया, जहां सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम देने की तैयारी पूरी की गई.
- प्रेम प्रसंग बना खूनी साजिश की वजह, दोस्तों ने ही रची पूरी वारदात
- चार गोलियां लगने के बाद भी बची जान, ऑपरेशन कर निकाली गईं गोलियां
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर/ बालियां : दोस्ती, प्यार और ईर्ष्या की खतरनाक तिकड़ी ने रविवार की रात एक सनसनीखेज वारदात को जन्म दे दिया. नरहीं थाना क्षेत्र के सोहांव गांव के पास गंगा किनारे 20 वर्षीय युवक को उसके ही दोस्तों ने साजिश के तहत चार गोलियां मार दीं और मृत समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज वाराणसी में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके शरीर से गोलियां निकाल दी हैं और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और टूटी हुई दोस्ती का जहर सामने आया है. घायल युवक आर्यन यादव और हमलावर दोनों ही बक्सर नगर के मित्रलोक कॉलोनी के निवासी हैं. बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी बबलू यादव जिस लड़की से पहले बातचीत करता था, वही बाद में आर्यन के संपर्क में आ गई. इसी बात ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया और साजिश की नींव पड़ गई.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूरी वारदात बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी. बबलू यादव ने भरौली गोलंबर के पास आर्यन को रोका और लिफ्ट देने के बहाने अपने साथ बैठा लिया. रास्ते में सभी ने मिलकर बियर खरीदी और साथ बैठकर पी. इसके बाद उसे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सोहांव गांव की ओर ले जाया गया, जहां सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम देने की तैयारी पूरी की गई.
वापसी के दौरान जैसे ही मौका मिला, पीछे बैठे आरोपियों ने आर्यन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. चार गोलियां उसके अंडकोष, जांघ, सीने और पीठ में जा धंसीं. हमलावर उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए.
खून से लथपथ हालत में पड़े युवक को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया.
सोमवार शाम नरहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक का इलाज जारी है और वह अब खतरे से बाहर है. पुलिस ने मामले में बबलू यादव और बम यादव की पहचान कर ली है, जो मित्रलोक कॉलोनी के निवासी हैं. दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.






.png)











0 Comments