दोनों के बीच पैसों का लेनदेन हुआ था, जिसका कुछ हिस्सा बकाया रह गया था. जब मनोरंजन पांडेय जेल चले गए तो कथित तौर पर आनंद राय ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया.
- ठेकेदारी और वाहन संचालन के पुराने हिसाब ने लिया हिंसक रूप
- डंपर रोकने के बाद बढ़ा विवाद, दोनों पक्षों से हुई थी जवाबी फायरिंग
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में हुई गोलीबारी की घटना के पीछे आपसी वर्चस्व और पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार यह पूरा मामला पुराने आर्थिक लेनदेन और आपसी टकराव से जुड़ा है, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया.
जानकारी के मुताबिक, चर्चित राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में जेल जा चुके मनोरंजन पांडेय पहले आनंद राय के साथ मिलकर ठेकेदारी और वाहनों के संचालन का कार्य करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच पैसों का लेनदेन हुआ था, जिसका कुछ हिस्सा बकाया रह गया था. जब मनोरंजन पांडेय जेल चले गए तो कथित तौर पर आनंद राय ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया.
पुलिस ने की थी दोनों पक्षों में समझौते की तैयारी
पुलिस सूत्रों की मानें तो जेल से बाहर आने के बाद मनोरंजन पांडेय लगातार अपने पैसे की मांग कर रहे थे, लेकिन आनंद राय इस मामले को टालते रहे. विवाद बढ़ने पर मामला पुलिस तक भी पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच बैठकर समाधान निकालने की बात कही गई थी.
मनोरंजन ने रोका डंपर तो आनन्द ने की फायरिंग
इसी बीच स्थिति तब बिगड़ गई जब कथित तौर पर मनोरंजन पांडेय ने आनंद राय का एक डंपर रोक लिया. पुलिस के अनुसार इस घटना से नाराज होकर आनंद राय अपने समर्थकों के साथ हथियारों से लैस होकर बनारपुर गांव पहुंच गए और वहां फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुए आरोपी
पुलिस का कहना है कि इस दौरान दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कुछ देर तक दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही. बाद में पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक दोनों पक्ष के लोग मौके से फरार हो चुके थे.
बोले अधिकारी - जल्द गिरफ़्तार होंगे सभी आरोपी
वहीं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
मामले में थाना अध्यक्ष शंभू भगत ने कहा है कि जिसने भी कानून को हाथ में लिया है, उसे बख्शा नहीं जाएगा. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी है.






.png)











0 Comments