सड़कों पर चल रहे लोगों ने राहत की सांस ली और बाजारों में भी गर्मी से थोड़ी राहत देखने को मिली. हालांकि, यह बदलाव किसानों के लिए परेशानी का संकेत बनकर आया है.
- दोपहर बाद मौसम ने लिया करवट, उमस भरी गर्मी से मिली राहत
- कृषि वैज्ञानिकों ने जताई आशंका, रबी फसलों को हो सकता है नुकसान
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिला मुख्यालय में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम ने करवट ले ली. तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबादी शुरू होते ही पूरे इलाके का मौसम सुहावना हो गया. जहां एक ओर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है.
दोपहर तक तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन अचानक चली तेज हवाओं और हल्की बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया. सड़कों पर चल रहे लोगों ने राहत की सांस ली और बाजारों में भी गर्मी से थोड़ी राहत देखने को मिली. हालांकि, यह बदलाव किसानों के लिए परेशानी का संकेत बनकर आया है.
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय जिले में रबी फसलों की कटाई का कार्य अंतिम चरण में है. ऐसे में यदि मौसम इसी तरह बना रहा या तेज बारिश होती है तो खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. खासकर गेहूं और अन्य फसलों के दाने प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है.
विशेषज्ञों का कहना है कि जिन किसानों की फसल अभी तक नहीं कटी है, उन्हें जल्द से जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी जा रही है. साथ ही मौसम के पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने की भी अपील की गई है.
मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां आम जनजीवन को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के सामने नई चिंता खड़ी कर दी है. अब सभी की नजर आगामी दिनों के मौसम पर टिकी हुई है.






.png)











0 Comments