बक्सर में आग का कहर : 95 बीघा गेहूं की फसल राख, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी ..

ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद लोगों ने बाल्टी, पंपसेट और मिट्टी की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक करीब 15 बीघा फसल जल चुकी थी.

जिगिना में आगलगी का नज़ारा





                               



  • अगरबत्ती की चिंगारी और बिजली तार की लापरवाही बनी बड़ी वजह
  • ग्रामीणों और दमकल की मशक्कत के बाद काबू, मुआवजे की मांग तेज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने किसानों की कमर तोड़ दी. सिकरौल थाना क्षेत्र के जिगना गांव और बगेन मौजा में लगी आग से करीब 95 बीघा तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई. इन घटनाओं से किसानों की महीनों की मेहनत पलभर में बर्बाद हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

पहली घटना जिगना गांव की है, जहां काली मंदिर में पूजा के दौरान जलाई गई अगरबत्ती की चिंगारी तेज हवा के कारण उड़कर गेहूं के खेतों में जा गिरी. सूखी खड़ी फसल ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आसपास के कई खेत इसकी चपेट में आ गए. ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद लोगों ने बाल्टी, पंपसेट और मिट्टी की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक करीब 15 बीघा फसल जल चुकी थी.

वहीं दूसरी घटना बगेन मौजा में हुई, जहां खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से निकली चिंगारी ने 80 बीघा गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जाता है कि उस समय खेतों में कटाई का काम चल रहा था. आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. सूचना मिलने पर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था.

इस घटना में अनिल गुप्ता, मनोज शर्मा, बंटी सिंह, केदार सिंह, सुनील सिंह, कपिल यादव और बदनाम यादव सहित कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई. किसानों का कहना है कि उनकी पूरी आजीविका इसी फसल पर निर्भर थी, जो अब खत्म हो चुकी है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है. साथ ही, बगेन मौजा के लोगों ने जर्जर बिजली तारों की मरम्मत कराने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है.













Post a Comment

0 Comments