एक सुंदर मिनी पार्क और फव्वारे का निर्माण भी किया जाएगा. इन विकास कार्यों से न सिर्फ इलाके की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित होगा.
![]() |
| निरीक्षक करने पहुंचे अधिकारी |

- तिरंगा, मिनी पार्क और फव्वारे से सजेगा सीमावर्ती इलाका
- अधिकारियों ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के चौसा स्थित यादव मोड़ तिराहे की तस्वीर अब पूरी तरह बदलने वाली है. कैमूर और रोहतास को जोड़ने के साथ-साथ यूपी-बिहार सीमा क्षेत्र में स्थित यह प्रमुख मार्ग जल्द ही ‘विकास चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा. राज्य सरकार की योजना के तहत इस तिराहे को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है.
प्रस्तावित योजना के अनुसार, यादव मोड़ तिराहे पर बड़े आकार का तिरंगा झंडा स्थापित किया जाएगा, जो यहां आने-जाने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा. इसके साथ ही एक सुंदर मिनी पार्क और फव्वारे का निर्माण भी किया जाएगा. इन विकास कार्यों से न सिर्फ इलाके की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित होगा.
इसी कड़ी में पीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण विकास विभाग की सहायक अभियंता वंदना कुमारी तथा तकनीकी विभाग के अन्य अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जमीन की उपलब्धता, यातायात व्यवस्था और निर्माण की संभावनाओं का गहन जायजा लिया. साथ ही, कार्य को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि योजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जा सके.
निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव भी मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि ‘विकास चौक’ बनने से चौसा की पहचान को नई मजबूती मिलेगी. साथ ही स्थानीय लोगों को एक आकर्षक और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल मिलेगा, जहां लोग समय बिता सकेंगे.
बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा नगर के प्रमुख चौराहों को ‘विकास चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है. इसी योजना के तहत चौसा के यादव मोड़ को भी चयनित किया गया है. फिलहाल अधिकारियों द्वारा सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है और जल्द ही अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा.
उम्मीद जताई जा रही है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. ऐसे में आने वाले समय में यादव मोड़ न केवल यातायात का अहम केंद्र रहेगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण के साथ चौसा की नई पहचान भी बनेगा.





.png)











0 Comments