वीडियो : कैमरा लूटकांड का हुआ खुलासा, पुलिस ने 4 को पकड़ा, माल भी बरामद ..

पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ लिया.

9





                               


  • हथियार के बल पर हुई थी वारदात, कैमरा और बाइक बरामद
  • दो विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर हुई लूटकांड की गुत्थी को बक्सर पुलिस ने सुलझा लिया है. वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के सहारे पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया. पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, देशी पिस्टल, वीडियो कैमरा और मोबाइल भी बरामद किया है.

जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को रोहतास जिले के छपरा टोला निवासी पंकज कुमार मनोहरपुर गांव से वापस अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान कवल पोखर के समीप अपराधियों ने हथियार दिखाकर उनका वीडियो कैमरा, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट लिया था. मामले में इटाढ़ी थाना में कांड संख्या 79/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया. टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय आसूचना और CCTV फुटेज के आधार पर सुजातपुर निवासी मनीष ठाकुर उर्फ अंशु ठाकुर को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ लिया.

गिरफ्तार अपराधियों में सुजातपुर निवासी मनीष ठाकुर उर्फ अंशु ठाकुर तथा जगमनपुर निवासी प्रेमचंद पाठक शामिल हैं. पुलिस के अनुसार प्रेमचंद पाठक पर पहले से भी लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं. वहीं दो विधि-विरुद्ध बालकों को नियमानुसार निरुद्ध किया गया है.

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक वीडियो कैमरा, एक मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी पिस्टल बरामद की है. इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पाण्डेय, पु०नि० इन्द्रजीत सिंह, पु०नि० सुधीर कुमार, इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनु कुमार पासवान, धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार, दीपक कुमार झा और डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

वीडियो : 













Post a Comment

0 Comments