मातम में बदली शादी की खुशी, बारात से लौट रही स्कॉर्पियो कंटेनर से टकराई; युवक की मौत ..

बताया कि मुकेश अपने मौसेरे भाई की शादी में शामिल होने गए थे. शादी समारोह खत्म होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से वापस घर लौट रहे थे. तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार कुल आठ लोग घायल हो गए.
मृतक के शोक संतप्त स्वजन 





                               



  • गरहथा के पास हुआ दर्दनाक हादसा, ड्राइवर समेत सात लोग घायल
  • इकलौते बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : पटना-बक्सर फोरलेन पर शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रही स्कॉर्पियो की आगे चल रहे कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए. घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा गांव के पास हुई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई.

मृतक की पहचान भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया निवासी मुकेश नट (30) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सभी लोग बक्सर जिले में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. इसी दौरान गरहथा गांव के पास आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक ले लिया. अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर कंटेनर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

मृतक के रिश्तेदार गुड्डू कुमार ने बताया कि मुकेश अपने मौसेरे भाई की शादी में शामिल होने गए थे. शादी समारोह खत्म होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से वापस घर लौट रहे थे. तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार कुल आठ लोग घायल हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. मुकेश की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद परिजन शव को वापस लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम कराया गया.

मुकेश नट अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. परिवार में पत्नी पुष्पा देवी, चार पुत्रियां अंजली, सोनी, नंदिनी, काव्य और एक पुत्र बलिराम उर्फ गोलू हैं. हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया. घर पर पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, परिजनों की चीख-पुकार सुन हर किसी की आंखें नम हो गईं.












Post a Comment

0 Comments