“बक्सर की 4 लाख जनता का कर्ज, विकास के माध्यम से चुकाऊंगा” — शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी“

इस परियोजना के तहत ब्रह्मपुर–कोरान सराय–इटाढ़ी–बक्सर पथ सहित कुल 80.728 किलोमीटर सड़क का निर्माण एवं उन्नयन किया जाएगा. वहीं दूसरी योजना उजियारपुर–कुकुढ़ा–जमुआंव–इंदौर–समदा पथ से जुड़ी है.


 





                               

  • बिहार स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट-चार के तहत 982 करोड़ की सड़क योजनाओं को मंजूरी
  • बक्सर की एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना भी शामिल, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी रफ्तार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बिहार सरकार ने सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लिया है. बिहार स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट-चार के अंतर्गत कुल 982 करोड़ रुपये की दो सड़क योजनाओं को राज्य कैबिनेट से मंजूरी दी गई है. इन योजनाओं में बक्सर जिले की एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना भी शामिल है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.

इस निर्णय पर राज्य के शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बक्सर के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया.

जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत ब्रह्मपुर–कोरान सराय–इटाढ़ी–बक्सर पथ सहित कुल 80.728 किलोमीटर सड़क का निर्माण एवं उन्नयन किया जाएगा. वहीं दूसरी योजना उजियारपुर–कुकुढ़ा–जमुआंव–इंदौर–समदा पथ से जुड़ी है. दोनों योजनाएं मिलकर क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी.

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में आधारभूत संरचना का तेज विकास हो रहा है. उन्होंने पथ निर्माण मंत्री ई कुमार शैलेंद्र और राज्य मंत्रिपरिषद का भी आभार जताया.

उन्होंने कहा,
“बक्सर की करीब 4 लाख जनता ने जो स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उसका कर्ज मैं विकास के माध्यम से चुकाने के लिए सदैव तत्पर हूं.”

उन्होंने आगे कहा कि वर्षों से क्षेत्र के लोग बेहतर सड़क सुविधा की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है. इस परियोजना से ब्रह्मपुर, कोरान सराय, इटाढ़ी और बक्सर क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा.

मंत्री ने कहा कि इस सड़क निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, छात्रों और आम नागरिकों की यात्रा सरल होगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार विकास और सुशासन के नए युग की ओर अग्रसर है.













Post a Comment

0 Comments