मासिक चक्र को लेकर जागरूकता अभियान, विद्यालय में गूंजे सशक्तिकरण के संदेश ..

बताया कि 28 मई को मनाया जाने वाला माहवारी स्वच्छता दिवस महिलाओं और किशोरियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, ताकि इस विषय पर फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके.

 





                               


  • माहवारी स्वच्छता दिवस पर बालिका विद्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
  • स्लोगन, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छात्राओं ने दिया जागरूकता का संदेश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय में माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर “मासिक धर्म को लेकर भ्रम दूर करो, नारी शक्ति का सम्मान करो”, “मासिक चक्र से अनजान न रहो, स्त्री शक्ति पर गर्व करो” और “अब भारी दिन नहीं, सेनेटरी पैड ही सही” जैसे नारों से गूंज उठा.

कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्लोगन लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माहवारी स्वच्छता का संदेश दिया. रोल प्ले और गीतों के जरिए भी छात्राओं ने साफ-सफाई और जागरूकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया.

कार्यक्रम की नोडल शिक्षिका रेखा राय ने बताया कि 28 मई को मनाया जाने वाला माहवारी स्वच्छता दिवस महिलाओं और किशोरियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, ताकि इस विषय पर फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके.

शिक्षिका श्रेया राय ने कहा कि इस विषय पर खुलकर बातचीत करना आवश्यक है और समाज में पुरुषों की भागीदारी भी सहयोगी भूमिका निभा सकती है. ललित कला शिक्षिका सुनीता कुमारी ने छात्राओं की हथेली पर रेड डॉट बनाकर माहवारी से जुड़ी सामाजिक झिझक और वर्जनाओं को खत्म करने का प्रतीकात्मक संदेश दिया.

इस अवसर पर छात्राओं ने श्रेया घोषाल के गीत “पीरियड्स का मतलब हेल्दी हैं आप” पर आकर्षक प्रस्तुति देकर माहौल को और भी जागरूकतापूर्ण बना दिया. कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक डॉ. कन्हैया प्रसाद राय समेत सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मी मौजूद रहे.













Post a Comment

0 Comments