प्रधानमंत्री की इस अपील को छोटे स्वर्णकारों और सर्राफा कारोबारियों के लिए "डेथ वारंट" करार दिया है. उन्होंने आशंका जताई है कि यह अपील व्यापारियों के लिए एक नए 'लॉकडाउन' की तरह साबित होगी.
लग्न के पीक सीजन में प्रधानमंत्री के बयान से सहमे बक्सर के छोटे सर्राफा कारोबारी.
नोटबंदी और जीएसटी की मार से अभी उबरे भी नहीं थे कि व्यापारियों पर टूटा एक और पहाड़: पूर्व विधायक.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से 'सोना नहीं खरीदने' की अपील पर बक्सर के सियासी गलियारे से लेकर सर्राफा बाजार तक उबाल आ गया है. बक्सर सदर के कांग्रेस पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने प्रधानमंत्री की इस अपील को छोटे स्वर्णकारों और सर्राफा कारोबारियों के लिए "डेथ वारंट" करार दिया है. उन्होंने आशंका जताई है कि यह अपील व्यापारियों के लिए एक नए 'लॉकडाउन' की तरह साबित होगी.
लगन के सीजन में व्यापार की कमर टूटी
बक्सर के स्वर्ण व्यवसायियों की जमीनी हकीकत बयां करते हुए पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने कहा:
"हमारा बक्सर शहर छोटे सर्राफा कारोबारियों और पारंपरिक कारीगरों का है. व्यापारी पहले से ही नोटबंदी और जीएसटी के झटकों से उबरने की कोशिश कर रहे थे. अब ठीक लगन (शादियों) के सीजन में, जब कारोबार अपने पीक पर होता है, प्रधानमंत्री ने ऐसी अपील कर दी. इस अवसाद (Depression) में डालने वाले बयान ने पूरे बाजार को तोड़कर रख दिया है."
उन्होंने आगे कहा कि बक्सर के कई छोटे स्वर्णकार ब्याज पर पैसे लेकर इस सीजन में पूंजी लगाते हैं. पीएम की इस अपील के बाद उनका व्यापारिक संकट गहरा जाएगा और उनके सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा.
अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा दूरगामी असर, बढ़ेगी तस्करी
पूर्व विधायक ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के लगभग 3.5 करोड़ स्वर्णकारों, कारीगरों और व्यापारियों के रोजगार पर यह सीधा हमला है.
अघोषित लॉकडाउन: आयात शुल्क बढ़ाकर सरकार इस पूरे उद्योग को अघोषित लॉकडाउन की तरफ धकेल रही है.
कालाबाजारी की आशंका: इस तरह के फैसलों से बाजार में सुधार होने के बजाय तस्करी और जमाखोरी (Smuggling & Hoarding) को बढ़ावा मिलेगा.
दोहरा मापदंड: मुन्ना तिवारी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि एक तरफ तो प्रधानमंत्री आम जनता को सोना न खरीदने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ खुद सरकार और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने पिछले कुछ महीनों में अपने सोने के भंडार में भारी वृद्धि की है. यह दोहरा मापदंड समझ से परे है.
फैसला वापस लेने की मांग
मुन्ना तिवारी ने स्वर्णकार समाज और छोटे व्यापारियों के व्यापक हित में प्रधानमंत्री से इस अपील को वापस लेने की मांग की है, ताकि लगन के इस बचे हुए सीजन में व्यापारी अपना कारोबार कर सकें और अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मान के साथ कर सकें.






.png)











0 Comments