प्रेम विवाह से बौखलाया परिवार! युवती को बनाया बंधक, पुलिस पहुंची तो हुई हाथापाई..

शादी के कुछ समय बाद युवती के परिजन उसे बहला-फुसलाकर वापस घर ले आए. परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से उसी युवक के साथ शादी कराने का भरोसा दिया, लेकिन घर पहुंचते ही युवती को बंधक बना लिया गया.


 





                               


  • हत्या की साजिश का आरोप, भारी पुलिस बल ने छुड़ाई युवती
  • माता-पिता समेत पांच गिरफ्तार, तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद एक युवती को घर में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और उसकी हत्या की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस की तत्परता से न सिर्फ युवती को सुरक्षित मुक्त कराया गया, बल्कि उसके प्रेमी की जान पर मंडरा रहा खतरा भी टल गया. मामले में युवती के माता-पिता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

जानकारी के अनुसार नया भोजपुर थाना क्षेत्र की एक बालिग युवती ने इसी वर्ष फरवरी माह में कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक युवक से कोर्ट मैरिज की थी. शादी के कुछ समय बाद युवती के परिजन उसे बहला-फुसलाकर वापस घर ले आए. परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से उसी युवक के साथ शादी कराने का भरोसा दिया, लेकिन घर पहुंचते ही युवती को बंधक बना लिया गया.

युवती ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि पिछले करीब दस दिनों से उसे घर में कैद कर रखा गया था. इस दौरान उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई बार भोजन तक नहीं दिया जाता था. युवती ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता और भाइयों द्वारा उसकी तथा उसके प्रेमी की हत्या की योजना बनाई जा रही थी.

इधर, जब युवक को अपनी पत्नी के साथ हो रहे अत्याचार की जानकारी मिली तो वह युवती के घर पहुंचा. वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका सिर फोड़ दिया गया. युवक द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने पर नया भोजपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई कर दी.

स्थिति बिगड़ने के बाद एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देशन में और नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन Kumar के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस तथा अतिरिक्त बल के साथ दोबारा छापेमारी की गई. भारी पुलिस बल ने सख्ती दिखाते हुए युवती को सुरक्षित मुक्त कराया. मौके से युवती के पिता हरिशंकर प्रसाद, मां संजू देवी और तीनों भाई शुभम कुमार, विकास कुमार एवं विष्णु कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.

युवती ने पुलिस के समक्ष स्पष्ट रूप से अपने प्रेमी के साथ स्वेच्छा से जाने की इच्छा जताई है. पुलिस ने दोनों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए हैं. इस मामले में युवती के बयान, युवक के बयान और पुलिस टीम के साथ हाथापाई को लेकर तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.













Post a Comment

0 Comments