मटन व्यवसायी लूटकांड में बढ़ा सस्पेंस, बदलते बयानों से उलझी पुलिस जांच ..

बताया कि हथियार के बल पर उससे रुपयों से भरा बैग और मोबाइल लूट लिया गया. शुरुआत में उसने 15 लाख रुपये लूटे जाने की बात कही. पूछताछ आगे बढ़ी तो रकम 10 लाख बताई गई, जबकि अब छह लाख रुपये लूट होने का दावा किया जा रहा है.





                               


  • पहले 15 लाख, फिर 10 लाख और अब 6 लाख रुपये लूट का दावा
  • संदिग्धों से पूछताछ जारी, दूसरे दिन भी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मटन व्यवसायी से कथित लूट का मामला लगातार उलझता जा रहा है. सब्जी मंडी के समीप हुई इस घटना की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी, लेकिन पीड़ित और उसके परिजनों के बदलते बयानों ने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला दिया है. रविवार को दूसरे दिन भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी.

डुमरांव के कुरैशी मोहल्ला निवासी मटन व्यवसायी राजा कुरैशी ने पुलिस को बताया कि हथियार के बल पर उससे रुपयों से भरा बैग और मोबाइल लूट लिया गया. शुरुआत में उसने 15 लाख रुपये लूटे जाने की बात कही. पूछताछ आगे बढ़ी तो रकम 10 लाख बताई गई, जबकि अब छह लाख रुपये लूट होने का दावा किया जा रहा है. लगातार बदल रहे बयानों के कारण पुलिस भी पूरे घटनाक्रम को हर एंगल से जांच रही है.

राजा कुरैशी ने बताया कि वह बकरा खरीदने के लिए रुपये लेकर राजपुर जाने वाला था. इसी दौरान एक परिचित व्यक्ति सफेद रंग की छोटी गाड़ी लेकर पहुंचा और साथ चलने की बात कही. दोनों नया भोजपुर सब्जी मंडी के पास आरा-बक्सर फोरलेन किनारे स्थित एक होटल पहुंचे. आरोप है कि कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और हथियार दिखाकर रुपये व मोबाइल लेकर फरार हो गए.

घटना के बाद पीड़ित ने किसी अज्ञात व्यक्ति के मोबाइल से अपने भाई अमजद को फोन कर जानकारी दी. इसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया. अमजद ने पुलिस को बताया कि उसका भाई बिहिया गया था और वहां रिश्तेदारों से करीब सात लाख रुपये कर्ज लेकर लौट रहा था. साथ ही दोपहर में तीन अलग-अलग नंबरों से मिस्ड कॉल आने की बात भी कही गई है.

राजपुर जाने और बिहिया से लौटने के अलग-अलग दावों ने पुलिस की उलझन बढ़ा दी है. पुलिस घटनास्थल ke आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाल रही है. मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

नया भोजपुर थानाध्यक्ष ने पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. पीड़ित और उसके स्वजनों के बयान लगातार बदल रहे हैं, इसलिए हर बिंदु पर जांच की जा रही है.














Post a Comment

0 Comments