गंगा की लहरों ने छीन लिया इंजीनियरिंग छात्र का सपना ..

अनजाने में गहरे पानी में चला गया. तेज धारा का अंदाजा नहीं लग पाया और देखते ही देखते वह लहरों में समा गया. मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह आंखों से ओझल हो चुका था.






                               

  • पुल घाट पर नहाने गया युवक गहरे पानी में समाया, 24 घंटे बाद मिला शव
  • हरिद्वार में पढ़ाई कर रहा था वैभव, ननिहाल आया था खुशी में शामिल होने 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : मुंडन संस्कार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब ननिहाल आए एक होनहार युवक की गंगा में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. नैनीजोर थाना क्षेत्र के बेयासी पुल स्थित गंगा घाट पर सोमवार को हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. करीब 24 घंटे बाद मंगलवार दोपहर युवक का शव बरामद किया गया.

मृतक की पहचान भोजपुर जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धोबहा पंचायत अंतर्गत मैनपुरी गांव निवासी वैभव कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है. वैभव हरिद्वार में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और कुछ दिन पहले ही मुंडन संस्कार में शामिल होने अपने ननिहाल ब्रह्मपुर आया था.

नहाने गया और अचानक लहरों में हुआ गायब
परिजनों के मुताबिक, सोमवार की सुबह वैभव अपने मामा के घर गायघाट से बेयासी पुल घाट पर स्नान करने गया था. इसी दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया. तेज धारा का अंदाजा नहीं लग पाया और देखते ही देखते वह लहरों में समा गया. मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह आंखों से ओझल हो चुका था.

स्थानीय प्रयास रहे नाकाम, फिर बुलाई गई राहत टीमें
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई. मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया. आखिरकार दोपहर करीब दो बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया.

खुशियों के बीच पसरा मातम
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में मुंडन संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है. गांव मैनपुरी और ननिहाल ब्रह्मपुर दोनों जगह शोक की लहर दौड़ गई है. वैभव की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.














Post a Comment

0 Comments