कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है. इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है तथा युवा नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं.
- सोनपा में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन, दर्शकों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
- डॉ. मनोज कुमार यादव बोले- ग्रामीण खिलाड़ियों को संसाधन मिले तो राष्ट्रीय स्तर तक लहरा सकते हैं परचम
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : जिले के चौसा प्रखंड के जलीलपुर पंचायत स्थित सोनपा में मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन बेहद रोमांचक अंदाज में हुआ. बारिश के कारण बाधित हुए फाइनल मुकाबले का फैसला आखिरकार टाइब्रेकर से हुआ, जिसमें रॉयल फुटबॉल क्लब, खरगपुरा ने उत्तर प्रदेश के कुर्रा को 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. पूरे मुकाबले के दौरान दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मैदान पर डटे रहे.
फाइनल मैच का उद्घाटन पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव तथा जिला परिषद सदस्य पूजा देवी ने किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता बक्सर होमगार्ड एसोसिएशन के सचिव आनंद पहलवान ने की.
निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. खिलाड़ियों ने आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. इसी बीच बारिश ने मैच में व्यवधान डाला, लेकिन खेल का उत्साह कम नहीं हुआ. अंत में टाइब्रेकर में खरगपुरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. मैच का सफल संचालन रेफरी नीलू खरवार ने किया. समापन पर अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को शील्ड देकर सम्मानित किया.
इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है. इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है तथा युवा नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं.
उन्होंने सोनपा पंचायत में खेल मैदान के अभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि इतने बड़े क्षेत्र में आज तक समुचित खेल मैदान का निर्माण नहीं हो सका है. ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं के अभाव में कई खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को उचित मंच नहीं दे पाते.
उन्होंने सरकार और जनप्रतिनिधियों से गांवों में खेल मैदान, स्टेडियम और आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास के लिए ठोस पहल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं.
डॉ. यादव ने मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं.
कार्यक्रम में बसपा प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, मुकेश यादव, अखिलेश यादव, पिंटू यादव, धर्मेंद्र, फैयाज, सुनील यादव, उज्जवल कुमार, शशि मोहन कुमार, शमीम साईं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।





.png)








0 Comments