फूलों की होली संग गूंजी लोक धुनें, फगुआ उत्सव में झूमे दर्शक

भारत सरकार एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय फगुआ उत्सव का आयोजन किया गया. उत्सव का शुभारंभ 11 मार्च 2025 को बी० एन० उच्च विद्यालय ब्रह्मपुर में ब्रह्मपुर महोत्सव के साथ हुआ, जबकि 12 मार्च 2025 को नगर भवन बक्सर में इस उत्सव का भव्य समापन हुआ.












                                           

नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

लोक नृत्य, होली गायन और फूलों की होली ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र प्रयागराज, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय फगुआ उत्सव का आयोजन किया गया. उत्सव का शुभारंभ 11 मार्च 2025 को बी० एन० उच्च विद्यालय ब्रह्मपुर में ब्रह्मपुर महोत्सव के साथ हुआ, जबकि 12 मार्च 2025 को नगर भवन बक्सर में इस उत्सव का भव्य समापन हुआ.

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि फगुआ उत्सव होली पर्व के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. यह पर्व खासकर उत्तर भारत के राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. यह न केवल बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है, बल्कि इसका धार्मिक महत्व भी है, क्योंकि इसे भगवान कृष्ण और राधा की लीलाओं से जोड़ा जाता है. इसके साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक भी माना जाता है.

नगर भवन में फूलों की होली, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तथा अन्य पदाधिकारी के साथ-साथ मौजूद गणमान्य लोगों ने फूलों की होली खेली और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं. साथ ही सभी ने यह संकल्प लिया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्राकृतिक रंगों का ही प्रयोग करेंगे.

45 कलाकारों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि इस वर्ष फगुआ उत्सव में देशभर के विभिन्न राज्यों के 45 कलाकारों ने हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

प्रमुख प्रस्तुतियाँ:

  • श्री दीपक एवं दल (हरियाणा) – लोक नृत्य फाग, घूमर और पनिहारी की शानदार प्रस्तुति.
  • डॉ. रविन्द्र कुमार एवं दल (औरंगाबाद, बिहार)होली गायन और झिझिया लोक नृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.
  • सुश्री खुशबू पारीक एवं दल (राजस्थान)चारकुला, ब्रज लोक नृत्य, मयूर नृत्य और फूलों की होली से उत्सव में रंग भर दिया.
  • स्थानीय कलाकारों द्वाराजट-जटिन नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.

बक्सर में मार्च महीने के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन

जिलाधिकारी ने आगामी मार्च माह में होने वाले प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों की जानकारी भी दी—

  • 17 मार्चजिला स्थापना दिवस एवं विश्वामित्र महोत्सव
  • 21 मार्चडुमरांव राज उच्च विद्यालय में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव
  • 22 मार्चबिहार दिवस का भव्य आयोजन

जिलाधिकारी की अपील

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बक्सर के सभी नागरिकों से फगुआ उत्सव सहित अन्य महोत्सवों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति और परंपरा को संजोने के साथ-साथ कलाकारों को मंच प्रदान करने का भी कार्य करते हैं.












Post a Comment

0 Comments