इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती पर बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी ने दी श्रद्धांजलि ..

कहा कि इंदिरा गांधी भारत ही नहीं, बल्कि विश्व की एक प्रभावशाली नेत्री थीं. उनके नेतृत्व में भारत ने साहस और निर्णायक क्षमता का परिचय दिया. तीन बार प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद चौथी बार सेवा के दौरान उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया.


 




                                         





  • कार्यकर्ताओं ने तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की याद
  • नेताओं ने बताया—इंदिरा गांधी साहस, पराक्रम और दूरदर्शिता की प्रतीक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिला कांग्रेस कमिटी कार्यालय में मंगलवार को भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई. पहले जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि इंदिरा गांधी भारत ही नहीं, बल्कि विश्व की एक प्रभावशाली नेत्री थीं. उनके नेतृत्व में भारत ने साहस और निर्णायक क्षमता का परिचय दिया. तीन बार प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद चौथी बार सेवा के दौरान उन्होंने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया.

उन्होंने आगे कहा कि 1971 के पाकिस्तान युद्ध में इंदिरा गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका के कारण बांग्लादेश का गठन हुआ और पाकिस्तान दो भागों में विभाजित हो गया. उनके अदम्य साहस और दूरदर्शिता से प्रभावित होकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें ‘दुर्गा’ की उपाधि दी थी.

प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि 1974 में पोखरण में भारत का पहला परमाणु परीक्षण भी इंदिरा गांधी के नेतृत्व में हुआ. अमेरिका सहित अन्य देशों की नाराज़गी के बावजूद उन्होंने राष्ट्रहित से समझौता नहीं किया.

सभा में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरीय नेता कामेश्वर पांडेय, संजय पांडेय, महिमा शंकर उपाध्याय, त्रियोगी मिश्र, महिला कांग्रेस बक्सर सदर अध्यक्ष रूनी देवी, कुमकुम देवी, संजय दुबे उर्फ पप्पू दुबे, रामप्रसाद द्विवेदी, निर्मला देवी, मोहन प्रसाद वर्मा, बब्बन तुरहा, लाल साहब सिंह, सुदर्शन सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित किए और इंदिरा गांधी के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया.

इस अवसर पर पटना कॉलेज के डॉ. सिद्धार्थ भारद्वाज, शिवम दुबे सहित अन्य विद्वानों ने भी इंदिरा गांधी के योगदान पर प्रकाश डाला और श्रद्धा सुमन अर्पित किए. कार्यक्रम के अंत में किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेसजनों का दायित्व है कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए इंदिरा गांधी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लें.










Post a Comment

0 Comments