उन्होंने बच्चों से अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया.
वैष्णवी ट्रस्ट की पहल से प्रतिभाओं को मिला मंच
22 फरवरी को होगी अगली स्कॉलरशिप परीक्षा, 20 फरवरी तक पंजीकरण
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शिक्षा के क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरक पहल करते हुए बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, बक्सर में 100% तक छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया. वैष्णवी एजुकेशनल डेवलपमेंट ट्रस्ट के अंतर्गत आयोजित इस समारोह में प्रतिभाशाली बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया.
कार्यक्रम में वैष्णवी ट्रस्ट के संस्थापक प्रदीप राय ने स्वयं उपस्थित होकर छात्रवृत्ति प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली और मेहनती बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास बेहद जरूरी हैं. छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई दिशा देने का माध्यम भी है. उन्होंने बच्चों से अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया.
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला. छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल रहा है.
विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि अगली स्कॉलरशिप परीक्षा 22 फरवरी 2026 (रविवार) को आयोजित की जाएगी. इच्छुक अभिभावक एवं विद्यार्थी 20 फरवरी 2026 तक अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं, ताकि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें.
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ मेधावी विद्यार्थियों को उचित मंच और सहयोग प्रदान करना है. भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
0 Comments