ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स मीट में बिहार का परचम ..

भारत सरकार द्वारा आयोजित इस खेल महाकुंभ में विनोद कुमार यादव ने टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. उनके इस प्रदर्शन ने न केवल बिहार बल्कि बक्सर जिले का भी मान बढ़ाया.







                                         


  • -बक्सर के विनोद कुमार यादव ने टेबल टेनिस में जीता कांस्य
  • - वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2027 में चयन की प्रबल संभावना

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : ऑल इंडिया फायर सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, भारत सरकार तथा राजस्थान फायर सर्विस और नगर निगम उदयपुर के सहयोग से आयोजित पहले ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स मीट में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 से 31 जनवरी 2026 तक राजस्थान के उदयपुर स्थित खेलगांव में आयोजित हुई, जिसमें देशभर के सभी राज्यों की अग्निशमन टीमों ने भाग लिया.

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बिहार टीम का नेतृत्व बक्सर के जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव ने किया. गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस खेल महाकुंभ में विनोद कुमार यादव ने टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. उनके इस प्रदर्शन ने न केवल बिहार बल्कि बक्सर जिले का भी मान बढ़ाया.

उल्लेखनीय है कि विनोद कुमार यादव इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं. पिछले वर्ष दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इसी तरह की प्रतियोगिता में भी उन्होंने बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल किया था. लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण अब उनके लिए वर्ष 2027 में होने वाले वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भाग लेने की संभावना भी प्रबल हो गई है. बताया जा रहा है कि यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता किसी यूरोपीय देश में आयोजित हो सकती है.

अपनी उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए विनोद कुमार यादव ने कहा कि बिहार का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपनी टीम, सहयोगियों और निरंतर अभ्यास को दिया. उनकी इस उपलब्धि से अग्निशमन विभाग के साथ-साथ जिले के युवाओं में भी खेल के प्रति नई प्रेरणा जगी है.









Post a Comment

0 Comments