मुख्य चौक-चौराहों पर प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण छोटी-सी रुकावट भी बड़े जाम में बदल जा रही है. स्थिति यह है कि बाजार क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापार पर भी असर पड़ रहा है.
- पी.पी. रोड से पुराना थाना रोड तक रोजाना थम जा रही रफ्तार
- बस स्टैंड से दलसागर तक ओवरब्रिज की मांग तेज, ड्रोन योजना पर उठे सवाल
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर बक्सर चैंबर ऑफ कॉमर्स ने गहरी चिंता जताई है. संगठन ने कहा है कि पी.पी. रोड से लेकर पुराना थाना रोड मेन रोड तक हर दिन लंबा जाम लग रहा है, जिससे आम नागरिकों, व्यवसायियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
चैंबर के सचिव दौलत चंद गुप्ता ने बताया कि शहर में ट्रैफिक कंट्रोल के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की कमी साफ दिखाई दे रही है. मुख्य चौक-चौराहों पर प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण छोटी-सी रुकावट भी बड़े जाम में बदल जा रही है. स्थिति यह है कि बाजार क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापार पर भी असर पड़ रहा है.
उन्होंने विशेष रूप से बस स्टैंड से लेकर दलसागर तक ओवर फ्लाई ब्रिज निर्माण की मांग उठाई है. उनका कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. फोर लेन पर भारी ट्रकों की आवाजाही के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं. ऐसे में स्थायी समाधान के लिए ओवरब्रिज अत्यंत आवश्यक है.
संगठन ने यह भी कहा कि पूर्व में ड्रोन के माध्यम से ट्रैफिक कंट्रोल की बात कही गई थी, लेकिन वह योजना कारगर साबित नहीं हुई. चेंबर ने स्थानीय विधायक पर इस मुद्दे के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाया है.
अंत में चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने जिला प्रशासन और सांसद से आग्रह किया है कि शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाए जाएं, ताकि बक्सर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को राहत मिल सके.




.png)


.png)
.gif)







0 Comments