ड्यूटी निभाते हुए काल का शिकार बना बक्सर का जवान, वाहन जांच के दौरान मौत ..

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक आगे खिसकते हुए MVI की स्कॉर्पियो गाड़ी पर चढ़ गया. उसी बीच ड्यूटी पर खड़े परिवहन विभाग के सिपाही मुकेश कुमार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.






                                         




  • NH-139 पर डंपर की टक्कर से ट्रक स्कॉर्पियो पर चढ़ा, जवान दोनों वाहनों के बीच दबा
  • बहन की शादी से पहले गांव पहुंचा कफन, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़

बक्सर टॉप न्यूज बक्सर : सूबे के अरवल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर वाहन जांच के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे में बक्सर निवासी पुलिस जवान की मौत हो गई. ड्यूटी निभाते समय हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ जवान के पैतृक गांव प्रतापसागर में शोक की लहर दौड़ा दी है. चंद पलों में खुशियों से भरा एक घर मातम में बदल गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहंदिया थाना क्षेत्र के NH-139 पर मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान गिट्टी से लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक आगे खिसकते हुए MVI की स्कॉर्पियो गाड़ी पर चढ़ गया. उसी बीच ड्यूटी पर खड़े परिवहन विभाग के सिपाही मुकेश कुमार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इस हादसे में सिपाही गौतम कुमार, ट्रक चालक प्रवीण यादव और मोटर वाहन निरीक्षक विपुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया.

मृतक सिपाही मुकेश कुमार बक्सर जिले के प्रतापसागर गांव के रहने वाले थे. ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार को उनकी चचेरी बहन की शादी थी. मुकेश को दोपहर तक गांव पहुंचना था. छुट्टी भी स्वीकृत हो चुकी थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं. लेकिन जिस समय घर में बारात की तैयारियों की चर्चा होनी थी, उसी वक्त मुकेश का शव कफन में लिपटा गांव पहुंचा.

शव पहुंचते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया. खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया. मां मीना देवी बार-बार बेहोश हो जा रही हैं, जबकि पिता मैनेजर यादव बेटे की मौत से पूरी तरह टूट चुके हैं.

ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश की शादी 18 नवंबर 2024 को उत्तर प्रदेश के सिकंदरपुर की मुन्नी कुमारी से हुई थी. मुन्नी कुमारी भी बिहार मोटर सेवा में सिपाही हैं और वर्तमान में भागलपुर में पदस्थापित हैं. वह छह माह की गर्भवती हैं. हादसे की सूचना मिलने के बाद वह भागलपुर से गांव के लिए रवाना हुईं, लेकिन खबर लिखे जाने तक गांव नहीं पहुंच सकी थीं.

मुकेश एक साधारण किसान परिवार से थे. पिता खेती और पशुपालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. पांच भाइयों में मुकेश दूसरे नंबर पर थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा उन्हीं पर था. शांत स्वभाव, मेहनती और जिम्मेदार मुकेश गांव में हर किसी के सुख-दुख के साथी माने जाते थे.

ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा ड्यूटी पर तैनात जवानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. परिजनों और ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि मुकेश की कुर्बानी को भुलाया न जाए और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.








Post a Comment

0 Comments