पिछले एक माह के भीतर लगातार हुई इन घटनाओं के बाद रेल यात्री सुरक्षा पर सवाल उठने लगे थे, लेकिन जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दोनों मामलों का न सिर्फ खुलासा किया बल्कि लूटी गई रकम और गहने भी बरामद कर लिए.
![]() |
| जानकारी देते रेल एसपी |
- मौनी अमावस्या और पैसेंजर ट्रेन में हुई वारदातों का जीआरपी–आरपीएफ ने किया उद्भेदन, लूटी गई नकदी और गहने बरामद
- एसआईटी की कार्रवाई में दो अपराधी दबोचे गए, ठठेरी बाजार के दुकानदार ने खरीदा था लूट का सामान
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : दानापुर–डीडीयू रेल खंड के बक्सर और वरुण के बीच हुई दो लूट की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. इस कार्रवाई में ट्रेन लुटेरों के साथ-साथ लूट का सामान खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार किया गया है. पिछले एक माह के भीतर लगातार हुई इन घटनाओं के बाद रेल यात्री सुरक्षा पर सवाल उठने लगे थे, लेकिन जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दोनों मामलों का न सिर्फ खुलासा किया बल्कि लूटी गई रकम और गहने भी बरामद कर लिए.
![]() |
| उद्भेदन में शामिल आरपीएफ तथा जीआरपी की टीम |
रेल एसपी अनंत कुमार राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 17 जनवरी को मौनी अमावस्या के दौरान गंगा स्नान के लिए गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बिनोद मटियानी गांव निवासी सूरज ठाकुर उर्फ मंगरु ठाकुर, पिता लक्ष्मण ठाकुर, अपने स्वजनों के साथ पटना–बक्सर ट्रेन से यात्रा कर रहे थे. बरूना रेलवे स्टेशन पर दो अपराधी ट्रेन में चढ़े और चाकू के बल पर नकदी व गहने लूट लिए. विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर हमला किया, जिससे वे घायल हो गए.
इसी तरह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विश्वनाथ नगर निवासी सुनीता मिश्रा ने 7 फरवरी की सुबह करीब 4.45 बजे बक्सर–फतुहा पैसेंजर ट्रेन में यात्रा के दौरान बरूना के पास चाकू और पिस्टल का भय दिखाकर सोने की बाली और 1000 रुपये नकद लूट लिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी.
एस आई टी का किया गया था गठन
पहली घटना के बाद रेल एसपी के निर्देश पर रेल डीएसपी दानापुर कंचन राज के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर की गई छापेमारी में दिनेश पाठक और भोले शंकर पासवान उर्फ योगेश कश्यप को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में दोनों ने लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
ठठेरी बाजार में स्वर्ण व्यवसायी ने खरीदा था माल
आरोपियों की निशानदेही पर ठठेरी बाजार स्थित प्रीति ज्वेलर्स में छापेमारी कर लूटा गया सोना-चांदी बरामद किया गया. दुकान संचालक अमित वर्मा ने लूट का सामान खरीदने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने लूट में प्रयुक्त चाकू, लाईट गन जैसा पिस्टल, चांदी की पायल, सोने की नथुनी और नकद दस हजार रुपये बरामद किए हैं.
स्पीडी ट्रायल चलाकर दिलाई जाएगी सज़ा
रेल एसपी ने बताया कि दोनों मामलों में स्पीडी ट्रायल चलाकर अभियुक्तों को सजा दिलाई जाएगी. उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इस सफल उद्भेदन में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा.




.png)


.png)
.gif)








0 Comments